Explore

Search

November 14, 2026 6:31 pm

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

16 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर बिलासपुर पहुंच सकते हैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सुरक्षा से लेकर यातायात और जनसुविधाओं तक पुख्ता इंतजाम के निर्देश

Cbn36 बिलासपुर, 14 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 16 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रस्तावित बिलासपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के संभावित प्रवास को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ भी करेंगे। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस की आमसभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे में सेंदरी स्थित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। इसके अलावा जिला कार्यालय के न्यू कंपोजिट भवन में एसबीआई के सीएसआर मद से तैयार कंप्यूटर लैब का शुभारंभ तथा पुराना बस स्टैंड स्थित नवनिर्मित ऑटोमेटेड कार पार्किंग का लोकार्पण भी किया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसएसपी ने कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने, आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने कार्यक्रम स्थलों और पहुंच मार्गों की साफ-सफाई, संकेतक लगाने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, वैकल्पिक बिजली व्यवस्था तथा ध्वनि प्रणाली की जांच पर भी विशेष जोर दिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। आमसभा में पहुंचने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए गए।

भीड़ और यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पचभाई, एडीएम शिवकुमार बनर्जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं मधुलिका सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS