भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का रेजिडेंट कमिश्नर श्रुति सिंह ने किया शुभारंभ

युवा उद्यमियों, स्टार्टअप्स और स्थानीय उत्पादों को मिल रहा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का अवसर

विभिन्न विभागों, उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स के स्टॉलों का किया अवलोकन, उत्पादों और नवाचारों की ली जानकारी
Cbn36 रायपुर, 14 नवंबर 2026।नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, औद्योगिक क्षमताओं और नवाचारों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ राज्य की रेजिडेंट कमिश्नर सुश्री श्रुति सिंह ने किया।

पवेलियन के उद्घाटन के पश्चात रेजिडेंट कमिश्नर सुश्री सिंह ने विभिन्न विभागों, स्टार्टअप्स, उद्यमियों एवं अन्य प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉल संचालकों और प्रतिनिधियों से संवाद कर उनके द्वारा प्रदर्शित उत्पादों, सेवाओं, नवाचारों तथा व्यावसायिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से युवा उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स द्वारा विकसित तकनीक आधारित उत्पादों, नवाचारी व्यावसायिक विचारों और उनकी संभावनाओं में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य की समृद्ध जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, औद्योगिक उपलब्धियों और तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। यह पवेलियन प्रदेश के स्थानीय कारीगरों, लघु उद्यमियों, स्टार्टअप्स और औद्योगिक इकाइयों को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों तथा व्यावसायिक प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।
भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सहभागिता का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना, पारंपरिक कला एवं शिल्प को नई पहचान दिलाना तथा राज्य में व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं को विस्तार देना है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, उद्यमशीलता और औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
प्रधान संपादक