रायगढ़ और चांपा स्टेशन पर 59 से अधिक पेंशनर्स को मिला शिविर का लाभ
Cbn36 बिलासपुर, 13 नवंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनर्स की सुविधा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए नवंबर माह में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) बनाने तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 1 से 30 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में 12 नवंबर को रायगढ़ रेलवे स्टेशन तथा 13 नवंबर को चांपा रेलवे स्टेशन पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 59 से अधिक पेंशनर्स के आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किए गए।
इसके साथ ही शिविर में पहुंचे सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। रायगढ़ स्टेशन पर रायगढ़ चिकित्सा टीम तथा चांपा स्टेशन पर चांपा चिकित्सा टीम ने पेंशनर्स की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इस दौरान कर्मचारी कल्याण निरीक्षकों की टीम भी उपस्थित रही।
रेल प्रशासन का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनर्स को उनके नजदीकी रेलवे स्टेशनों पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इन कार्यों के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
बिलासपुर मंडल द्वारा नवंबर माह के दौरान मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित तिथियों में इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल से पेंशनर्स को डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है और उनके स्वास्थ्य के प्रति भी रेल प्रशासन की प्रतिबद्धता प्रदर्शित हो रही है।
प्रधान संपादक