खोखली के पास गांजा और इनोवा छोड़कर भागा था आरोपी, ओडिशा से तस्करी कर ला रहा था मादक पदार्थ; 6.154 किलो गांजा और कार पहले ही हो चुकी थी जब्त
CBN36 भाटापारा। पुलिस की नाकेबंदी देखकर गांजा से भरी इनोवा क्रिस्टा छोड़कर फरार हुए अंतरजिला तस्कर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी करीब 20 दिनों तक पुलिस को चकमा देता रहा, लेकिन पुलिस की तकनीकी निगरानी और लगातार घेराबंदी के आगे उसकी चालाकी काम नहीं आई। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के सख्त निर्देशन में थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
घटना 24 अक्टूबर की है। भाटापारा ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली थी कि इनोवा कार क्रमांक CG 04 LV 2454 से गांजा लेकर अर्जुनी से खोखली होते हुए हथबंद की ओर तस्करी की जा रही है। पुलिस ने ग्राम खोखली के पास नाकेबंदी की। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूर जाकर कार छोड़कर अंधेरे में गायब हो गया।
कार में मिले गांजे के तीन पैकेट

पुलिस ने इनोवा की तलाशी ली तो सीट के पीछे सेलो टेप से लिपटे गांजे के तीन पैकेट मिले। इनका कुल वजन 6.154 किलोग्राम था। जब्त गांजे की कीमत करीब 61,540 रुपये बताई गई। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था।
ओडिशा से गांजा लाकर कर रहे थे तस्करी
विवेचना के दौरान वाहन के दस्तावेजों, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर लौट रहे थे। पुलिस की चेकिंग देखकर वे वाहन छोड़कर फरार हो गए थे।
एसपी के निर्देश पर साइबर सेल ने बिछाया जाल
फरार आरोपी योगेश कुमार उर्फ गोलू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में विशेष प्रयास किए जा रहे थे। थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और पुख्ता सूचना के आधार पर 13 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश कुमार उर्फ गोलू (28), पिता श्यामानारायण महार, निवासी वैशाली नगर, दीनदयाल कॉलोनी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
नशे के सौदागरों को एसपी की दो टूक
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक