Cbn36 बिलासपुर। दिगंबर जैन प्रीमियर लीग का भव्य शुभारंभ श्रीमंत सेठ प्रवीण जैन स्टेडियम, पेण्ड्रीडीह में हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ आचार्य विद्यासागर जी महाराज के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमंत सेठ प्रवीण जैन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के पहले दिन चार रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में पारस पावर और एलसीआईटी वॉरियर्स की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पारस पावर ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। एलसीआईटी वॉरियर्स ने निर्धारित 8 ओवर में 56 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पारस पावर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की। सम्यक ने नाबाद 41 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में शांति ग्रीन एनर्जी और बाहुबली टाइल्स के बीच भिड़ंत हुई। टॉस जीतकर शांति ग्रीन एनर्जी ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 108 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाहुबली टाइल्स की टीम दबाव में आ गई और महज 65 रन पर सिमट गई। इस तरह शांति ग्रीन एनर्जी ने शानदार जीत हासिल की। मयंक को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मुकाबले में इंस्पायर वर्ल्ड और बाहुबली टाइटंस के बीच मैच खेला गया। टॉस जीतकर बाहुबली टाइटंस ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंस्पायर वर्ल्ड की टीम निर्धारित 8 ओवर में केवल 38 रन ही बना सकी। जवाब में बाहुबली टाइटंस ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। इस मैच में निलय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

दिन का अंतिम मुकाबला आदिराज-11 और वंदे मातरम जांबाज के बीच खेला गया। टॉस जीतकर वंदे मातरम जांबाज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 76 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आदिराज-11 की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 7 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। अरुण ने धुआंधार बल्लेबाजी कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस प्रकार दिगंबर जैन प्रीमियर लीग के पहले दिन क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमंत सेठ प्रवीण जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रधान संपादक