Explore

Search

November 13, 2026 7:19 pm

खेत में बैल के धान चरने से नाराज होकर बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

CBN36 जशपुर। खेत में बैल के धान चरने की बात को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बसलंघना की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक एतवा राम (56 वर्ष) निवासी ग्राम बसलंघना, 11 नवंबर 2026 की शाम अपने बैलों को चराने के लिए गांव के नीचे टंगरागढ़ा खेत की ओर गए थे। इसी दौरान गांव के ही फिटू राम उर्फ धनक राम (52 वर्ष) ने अपने खेत में बैलों द्वारा धान चरने की बात को लेकर उनसे विवाद शुरू कर दिया।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर बांस के डंडे से एतवा राम की पीठ और जांघ पर कई वार किए। इसके बाद उसने लकड़ी का मोटा डंडा उठाकर उनके हाथ पर भी कई बार प्रहार किया और लात-घूंसों से मारपीट की। गंभीर चोट लगने से एतवा राम बेहोश हो गए। घटना के दौरान ग्रामीणों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल एतवा राम को उपचार के लिए जिला अस्पताल जशपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने संदेही फिटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस एवं लकड़ी के दो डंडे घटनास्थल के पास झाड़ियों से बरामद कर जब्त किए गए।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, सहायक उप निरीक्षक एसन पॉल, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह, रवि कुमार, देवानंद एवं देविंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS