Explore

Search

November 14, 2026 5:43 pm

धमतरी के 108 धान उपार्जन केंद्रों में कल से शुरू होगी धान खरीदी, किसानों के स्वागत को तैयार प्रशासन

पहले दिन 550 से अधिक किसानों से करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदने की तैयारी, सभी केंद्रों में व्यवस्थाएं पूर्ण

21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता

36 बिंदुओं की चेकलिस्ट से जांची गई व्यवस्थाएं, पारदर्शी खरीदी और किसान सुविधाओं पर विशेष जोर

Cbn36 धमतरी छत्तीस । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ होने जा रहा है। इसके लिए धमतरी जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शुरू होने जा रही धान खरीदी को लेकर किसानों में खासा उत्साह है। पहले ही दिन जिले के 550 से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किया है। इन किसानों से लगभग 20 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों को धान विक्रय की सुगम और पारदर्शी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों की तैयारियों का 36 बिंदुओं वाली विस्तृत चेकलिस्ट के माध्यम से निरीक्षण एवं सत्यापन किया गया है।

कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता

धान खरीदी से पहले राज्य सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इससे कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों तथा जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को विशेष राहत मिलेगी। सरकार के इस फैसले से किसानों में खुशी का माहौल है।

उपार्जन केंद्रों में पेयजल से लेकर तौल तक की व्यवस्था

जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर अथवा इन्वर्टर और इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। धान की पारदर्शी तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, कांटा-बांट, बायोमेट्रिक उपकरण और आर्द्रतामापी यंत्रों की कार्यशीलता जांची गई है। तौल उपकरणों का विधिक माप विज्ञान विभाग से सत्यापन भी कराया गया है।

इसके अलावा पर्याप्त बारदाने, स्टेंसिल, रंग और सुतली की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार पेटी, पर्याप्त कर्मचारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर और हमालों की व्यवस्था की गई है। वहीं धान को बारिश और नमी से बचाने के लिए चबूतरे, तारपोलिन, भंडारण स्थल और जल निकासी की व्यवस्था भी की गई है।

एफएक्यू मानकों और निगरानी पर विशेष ध्यान

धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों में समर्थन मूल्य की जानकारी, एफएक्यू यानी औसत अच्छी किस्म के धान के गुणवत्ता मानकों और धान के नमूनों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही निगरानी समितियों की नियुक्ति, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और किसान पंजीयन संबंधी व्यवस्थाओं का भी सत्यापन किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य खरीदी प्रक्रिया को सरल बनाना और किसानों को अनावश्यक परेशानियों से बचाना है।

आमदी केंद्र में 31,900 बारदाने, 1,318 किसान पंजीकृत

जिले के आमदी धान उपार्जन केंद्र में भी खरीदी की व्यापक तैयारियां की गई हैं। केंद्र में 2.6380 हेक्टेयर भंडारण क्षेत्र उपलब्ध है तथा 13,600 क्विंटल की बफर लिमिट निर्धारित की गई है। यहां 30 हजार नए और 1,900 पीडीएस बारदानों सहित कुल 31,900 बारदाने उपलब्ध हैं।

केंद्र में पांच तारपोलिन, इन्वर्टर, जल निकासी, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। आमदी केंद्र में कुल 1,318 किसान पंजीकृत हैं। यहां से निकटतम संग्रहण केंद्र की दूरी 15 किलोमीटर है। धान की सुरक्षा एवं भंडारण व्यय के लिए 1 लाख 67 हजार 580 रुपये की अग्रिम राशि भी प्राप्त हुई है।

15 नवंबर से खरीदी केंद्रों में बढ़ेगी किसानों की चहल-पहल

धान खरीदी का नया सत्र शुरू होने के साथ ही जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों में किसानों की आवाजाही बढ़ेगी। जिला प्रशासन ने खरीदी से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पंजीकृत किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत बिना किसी परेशानी के अपनी उपज का विक्रय कर सके। इसके लिए तौल, गुणवत्ता परीक्षण, बारदाना, भंडारण और तकनीकी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS