
जिले के 1.36 लाख किसानों ने कराया पंजीयन, पहले दिन के लिए 151 टोकन जारी
CBN36 बिलासपुर, 14 नवंबर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवंबर से होने जा रहा है। इसके लिए बिलासपुर जिले में प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी 154 धान उपार्जन केंद्र किसानों से धान खरीदी के लिए तैयार हैं। इस वर्ष जिले के करीब 1 लाख 36 हजार किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू होने वाला यह अभियान आगामी दो माह तक चलेगा। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उपार्जन केंद्रों में बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और ऑनलाइन खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सेंदरी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने खरीदी प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं, जिले के सभी 154 केंद्रों के नोडल अधिकारियों ने भी निरीक्षण के बाद अपने-अपने केंद्रों की तैयारी पूरी होने की रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है।
पहले दिन 504 मीट्रिक टन से अधिक धान की आवक प्रस्तावित
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को धान बेचने के लिए जिले के 95 उपार्जन केंद्रों में कुल 151 टोकन जारी किए गए हैं। इनमें समितियों के माध्यम से 62 और मोबाइल एप के जरिए 89 टोकन जारी हुए हैं। इन टोकनों के आधार पर पहले दिन कुल 504.18 मीट्रिक टन धान की आवक प्रस्तावित है। इसमें समितियों से जारी टोकन के तहत 159.38 मीट्रिक टन तथा मोबाइल एप से जारी टोकन के माध्यम से 344.80 मीट्रिक टन धान की खरीदी संभावित है।
टोकन के अनुसार ही केंद्र पहुंचें किसान
धान खरीदी की प्रक्रिया टोकन आधारित रहेगी। किसान ऑनलाइन माध्यम अथवा ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप के जरिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे टोकन में निर्धारित तिथि पर ही संबंधित उपार्जन केंद्र पहुंचें। धान विक्रय के दौरान आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य होगा। खरीदी और तौल के समय टोकन के आधार पर आधार सत्यापन भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने खाद्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा केंद्र प्रभारियों को आपसी समन्वय से खरीदी प्रक्रिया संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का दावा है कि किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और व्यवस्थित खरीदी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस वर्ष धान खरीदी अभियान संपन्न कराया जाएगा।
प्रधान संपादक