Cbn36 बिलासपुर। शहर में खेल गतिविधियों का उत्साह इन दिनों चरम पर है। एक ओर श्रीमंत सेठ प्रवीण जैन स्टेडियम, पेण्ड्रीडीह में आयोजित जैन प्रीमियर लीग में क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, वहीं दूसरी ओर डीपी विप्र महाविद्यालय के तत्वावधान में नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट परिसर में दो दिवसीय परिक्षेत्र स्तरीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। दोनों प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया।
जैन प्रीमियर लीग में पारस पावर और शांति ग्रीन एनर्जी ने दर्ज की जीत

जैन प्रीमियर लीग के दूसरे दिन चार मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का शुभारंभ आचार्य विद्यासागर जी महाराज के चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
पहला मुकाबला इंस्पायर वर्ल्ड और एलसीआईटी वॉरियर्स के बीच खेला गया। एलसीआईटी की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में 69 रन बनाए। जवाब में पारस पावर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज की। मयंक ने नाबाद 24 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया।
दूसरे मुकाबले में शांति ग्रीन एनर्जी और वंदेमातरम जाबाज आमने-सामने रहे। वंदेमातरम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 62 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए शांति ग्रीन एनर्जी ने सात ओवर में ही सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच में रितिक मैन ऑफ द मैच रहे।
तीसरे मुकाबले में पारस पावर ने बाहुबली टाइटंस को शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बाहुबली टाइटंस ने आठ ओवर में 68 रन बनाए। पारस पावर ने लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। इस मुकाबले में अमर्श को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के अंतिम मुकाबले में आदिराज-11 और बाहुबली टाइल्स के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। बाहुबली टाइल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 65 रन बनाए। जवाब में आदिराज-11 ने सात ओवर में एक विकेट से जीत हासिल कर दिन का समापन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह उपस्थित रहे। मैचों की कमेंट्री संदीप गौरव ने की। आयोजन में संभव, मयंक, गौरव, रितिक, शुभम, शिप्पी, आनंद, पराग, मुकेश, अनुष्का, सम्यक, प्रतीक एवं प्रदीप का विशेष सहयोग रहा।
डीपी विप्र महाविद्यालय की परिक्षेत्र स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
इधर डीपी विप्र महाविद्यालय, बिलासपुर के तत्वावधान में 14 एवं 15 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय परिक्षेत्र स्तरीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ 14 नवंबर को सुबह 9 बजे नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता में 13 महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अरुण पटनायक, प्रो-वाइस चांसलर, एमिटी विश्वविद्यालय रायपुर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. तारणीश गौतम ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के खेल संचालक डॉ. प्रमोद तिवारी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में एलसीआईटी कॉलेज ने एसबीटी कॉलेज को 5-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मैच में डीएलएस और यूटी़डी महाविद्यालय के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। पेनल्टी शूटआउट में डीएलएस कॉलेज ने 4-3 से जीत हासिल की। तीसरे मुकाबले में चौकसे महाविद्यालय ने शासकीय जेएमपी कॉलेज तखतपुर को 2-0 से पराजित किया। चौथे मैच में शासकीय स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय ने डीपी विप्र विधि महाविद्यालय को 2-0 से हराया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एलसीआईटी ने जेपी वर्मा कॉलेज को 2-0 से तथा सीएमडी कॉलेज ने डीएलएस कॉलेज को 3-0 से पराजित किया। वहीं शासकीय विज्ञान महाविद्यालय ने शासकीय स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय को 2-0 से हराया। अंतिम मुकाबले में डीपी विप्र महाविद्यालय ने चौकसे महाविद्यालय को 4-0 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले 15 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे से खेले जाएंगे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अजय सिंह, डॉ. सुनील गोरहा, डॉ. मुकेश गोरे, डॉ. सुरेश पवार, डॉ. बसंत आंचल, आशीष बाजपेई, डॉ. जगदीश यादव, अरविंद सिंह, आलोक शर्मा, राकेश तिवारी, शेख शहीद, ओंकार जायसवाल, नितिन शर्मा, सृष्टि कासकर, चोले साहू सहित विभिन्न महाविद्यालयों के खेल प्रशिक्षक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सानंद कुमार वस्त्रकार, विजय आनंद, सुनील कुमार राव एवं बी. साई लक्ष्मी का विशेष योगदान रहा। आयोजन का संचालन महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अजय यादव, सहायक क्रीड़ा अधिकारी नागेंद्र सिंह एवं कराते प्रशिक्षक प्रतीक सोनी ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के सहयोग से किया।
दोनों प्रतियोगिताओं ने शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
प्रधान संपादक