छोटा रनवे हवाई सुविधा के विस्तार में सबसे बड़ी बाधा, 63 करोड़ से रनवे विस्तार और 40 करोड़ से बनेगा एटीसी टावर
Cbn36 बिलासपुर, 14 नवंबर। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने राज्य सरकार से मांग की है कि वह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की पहल अथवा जवाब का इंतजार किए बिना बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के विकास के लिए लंबित 103 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को तत्काल मंजूरी प्रदान करे। इसमें रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ रुपये तथा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर के निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल है।
समिति ने कहा कि बिलासपुर में हवाई सुविधा के विस्तार में वर्तमान में छोटा रनवे सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। रनवे की लंबाई कम होने के कारण बड़े विमानों के संचालन और हवाई सेवाओं के विस्तार में कठिनाइयां आ रही हैं। ऐसे में रनवे विस्तार और आधुनिक एटीसी टावर का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
समिति के अनुसार, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया पिछले लगभग एक वर्ष से बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के प्रबंधन, संचालन एवं विकास की जिम्मेदारी लेने संबंधी प्रस्ताव पर कोई ठोस पहल या जवाब नहीं दे रही है। इसके चलते राज्य सरकार ने भी पिछले चार महीनों से रनवे विस्तार और एटीसी टावर के निर्माण के लिए राशि स्वीकृति का प्रस्ताव लंबित रखा है।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राशि स्वीकृत कर प्रशासकीय स्वीकृति जारी किए जाने के बाद ही निर्माण से जुड़ी प्रारंभिक प्रक्रियाएं आगे बढ़ सकेंगी। इसके बाद टेंडर सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा सकेंगी। इन प्रक्रियाओं में ही लगभग तीन से चार महीने का समय लगने की संभावना है।
समिति ने सुझाव दिया कि यदि इस बीच एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया स्वयं निर्माण कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराने को तैयार हो जाती है, तो राज्य सरकार अपनी प्रस्तावित राशि रोक सकती है। लेकिन फिलहाल प्रशासकीय स्वीकृति नहीं दिए जाने से महत्वपूर्ण विकास कार्य अनिश्चितकाल के लिए विलंबित हो रहे हैं।
समिति ने यह भी याद दिलाया कि राज्य सरकार एक से अधिक बार माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए तत्परता जताने की प्रतिबद्धता व्यक्त कर चुकी है। ऐसे में अब आवश्यक है कि सरकार अपने आश्वासन को अमल में लाते हुए तत्काल निर्णय ले और बिलासपुर की हवाई सुविधा के विकास का रास्ता साफ करे।
महाधरना जारी
बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास और हवाई सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना आज भी जारी रहा। धरने में रवि बनर्जी, बद्री यादव, प्रतीक तिवारी, देवेंद्र सिंह ठाकुर, समीर अहमद, बबला रामशरण यादव, महेश दुबे, टाटा ऋषिराज सिंह, गौतम केशव, गोरख प्रकाश, बहरानी, संदीप बाजपेयी, आशुतोष शर्मा, शिरीष कश्यप, मच्छर खान, विभूति भूषण गौतम, मोहन जायसवाल, अजीब अली, मोहसिन अली सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
प्रधान संपादक