Explore

Search

November 14, 2026 7:15 pm

शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर, उनके परिवारों का सम्मान हम सभी का दायित्व – राज्यपाल रमेन डेका

शौर्य दिवस समारोह में राज्यपाल ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित, वीर जवानों के त्याग और समर्पण को किया नमन

Cbn36 रायपुर, 14 नवम्बर 2026। राज्यपाल रमेन डेका कल रायगढ़ स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिजनों को सम्मानित कर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल डेका ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए वीर जवानों का त्याग एवं समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। एक सैनिक का बलिदान केवल उसका व्यक्तिगत बलिदान नहीं होता, बल्कि उसका पूरा परिवार भी राष्ट्र के लिए त्याग करता है। शहीद परिवारों का सम्मान करना महज औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनके सुख-दुख में सहभागी बनना और हर संभव सहयोग प्रदान करना हम सभी का दायित्व है।

राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और विषम चुनौतियों के बीच जवानों ने अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय दिया है। अनेक जवानों ने देश और प्रदेश की शांति एवं सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने तथा उनके साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना और राष्ट्र के विकास में योगदान देना ही सच्ची देशभक्ति है।

राज्यपाल ने सभी से शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लेने की अपील की।

समारोह में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमांडेंट अजय सिंह बिसेन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को प्रदान की प्रोत्साहन राशि

राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय सेना में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान की। सम्मानित विद्यार्थियों में सैनिक स्कूल में अध्ययनरत अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार एवं सृष्टि राठिया तथा कक्षा 9वीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल एवं अर्नव गुप्ता शामिल थे।

इसी क्रम में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि तथा भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के आर. बालाजी को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS