Explore

Search

November 15, 2026 6:52 pm

नई उड़ान योजना में बिलासपुर को मिले अधिक से अधिक हवाई रूट, राज्य सरकार केंद्र के समक्ष रखे प्रस्ताव : हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति

चार रूट की सीमा खत्म होने के बाद राज्य सरकार से अधिकाधिक मार्गों के प्रस्ताव भेजने की मांग

CBN36 बिलासपुर, 15 नवंबर। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की है कि केंद्र सरकार की नई उड़ान योजना के तहत बिलासपुर से हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए अधिक से अधिक नए हवाई मार्गों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जाएं, ताकि बिलासपुर को इस योजना का अधिकतम लाभ मिल सके।

समिति ने कहा कि प्रारंभ में केंद्र सरकार द्वारा प्रत्येक राज्य सरकार को चार नए हवाई मार्गों के प्रस्ताव देने के लिए कहा गया था। हालांकि, विभिन्न राज्य सरकारों ने इस सीमा को अपर्याप्त बताते हुए केंद्र के समक्ष अपना पक्ष रखा। राज्यों का तर्क था कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कौन-सा हवाई मार्ग एयरलाइंस कंपनियों के लिए व्यावसायिक रूप से अधिक लाभप्रद होगा। ऐसे में केवल चार मार्गों के प्रस्ताव तक सीमित रहने से नई उड़ान योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा।

राज्य सरकारों की मांग पर केंद्र सरकार ने चार से अधिक हवाई मार्गों के प्रस्ताव प्रस्तुत करने की सहमति दे दी है, ताकि उपलब्ध प्रस्तावों में से बेहतर और अधिक उपयोगी मार्गों का चयन किया जा सके।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा कि इस अवसर का लाभ उठाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार को बिलासपुर के लिए अधिकतम हवाई मार्गों के प्रस्ताव भेजने चाहिए। समिति ने प्रमुखता से निम्नलिखित मार्गों को प्रस्ताव में शामिल करने की मांग की है।

  1. बिलासपुर से हैदराबाद।
  2. बिलासपुर से इंदौर होते हुए मुंबई।
  3. बिलासपुर से दिल्ली।
  4. बिलासपुर से कोलकाता।

समिति ने इन चारों मार्गों पर प्रतिदिन एक उड़ान संचालित करने का प्रस्ताव देने की मांग की है। इसके अतिरिक्त बिलासपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी, बिलासपुर से जगदलपुर होते हुए विशाखापट्टनम तथा बिलासपुर से भोपाल होते हुए जयपुर के लिए भी हवाई सेवाओं के प्रस्ताव भेजे जाने को उचित बताया है।

समिति का कहना है कि जब केंद्र सरकार ने चार से अधिक मार्गों के प्रस्ताव देने की अनुमति दे दी है, तो राज्य सरकार को इस अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए बिलासपुर के लिए सभी संभावित और व्यावहारिक हवाई मार्गों को प्रस्तावित करना चाहिए।

महाधरना जारी

इधर, बिलासपुर में हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना आज भी जारी रहा। धरने में रवि बनर्जी, बद्री यादव, डॉ. प्रदीप कुमार, राही रमाशंकर बघेल, गोपी राव, अनिल गुलहरे, विभूतिभूषण गौतम, ऋषिराज सिंह गौतम, शिरीष कश्यप, मनोज तिवारी, समीर अहमद, बबला रामशरण यादव, देवेंद्र सिंह ठाकुर, मनोहर खटवानी, प्रेमदास मानिकपुरी, केशव गोरख, मोहन जायसवाल, मजहर खान, संदीप बाजपेई, विजय वर्मा, रोहित तिवारी, अकील अली, मोहसिन अली एवं सुदीप श्रीवास्तव सहित अनेक लोग शामिल हुए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS