
117 उपार्जन केंद्रों में पहले दिन 805 किसानों को जारी हुए टोकन, नए केंद्र खुलने से किसानों को मिली राहत
CBN36 राजनांदगांव। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान का शनिवार को उत्साह और उमंग के साथ शुभारंभ हुआ। जिले के धान उपार्जन केंद्रों में परंपरागत पूजा-अर्चना के साथ खरीदी प्रक्रिया शुरू की गई। पहले ही दिन 805 किसानों को धान विक्रय के लिए टोकन जारी किए गए। किसानों ने टोकन तुंहर द्वार मोबाइल एप के माध्यम से भी टोकन प्राप्त किया।
धान खरीदी शुरू होने से किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही किसान ट्रैक्टर और अन्य मालवाहक वाहनों में अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्रों में पहुंचने लगे। केंद्रों में किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया।
कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरा आदान सहायता लाभ

राज्य सरकार के एक महत्वपूर्ण किसान हितैषी निर्णय से किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। इससे कम पैदावार वाले क्षेत्रों के किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों तथा जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
कन्हारपुरी केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई खरीदी

जिले में धान खरीदी का शुभारंभ राजनांदगांव विकासखंड के कन्हारपुरी उपार्जन केंद्र से हुआ। यहां कांटा-बांट की पूजा-अर्चना कर विधिवत खरीदी शुरू की गई। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव ने धान बेचने पहुंचे किसानों का पुष्पमाला पहनाकर और गुलाल-तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्होंने किसानों का मुंह मीठा कराकर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। खरीदी केंद्र में किसानों की मौजूदगी से उत्सव जैसा माहौल रहा।
26 नए खरीदी केंद्र खुलने से किसानों को बड़ी सुविधा

इस वर्ष जिले में 26 नवीन धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे किसानों को अपने गांव और आसपास ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी। राजनांदगांव विकासखंड के नवीन केंद्र खैरझिटी में धान बेचने पहुंचे किसान गोविंद सिंह ने बताया कि पहले उन्हें धान विक्रय के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। इससे परिवहन में अतिरिक्त समय और खर्च लगता था। अब गांव के नजदीक ही केंद्र खुलने से किसानों को काफी राहत मिली है।
गोविंद सिंह ने बताया कि वे पहले दिन 86 क्विंटल धान लेकर केंद्र पहुंचे थे, जहां उनका धान आसानी से खरीदा गया। उन्होंने कहा कि नवीन केंद्र खुलने से जोरातराई, खैरझिटी, डुमरडीह खुर्द और कलडबरी सहित आसपास के गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने किसान हित में यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
जिले में किसानों का पंजीयन बढ़कर 1.35 लाख के पार

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में राजनांदगांव जिले में कुल 1 लाख 35 हजार 167 किसानों का पंजीयन हुआ है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 1 लाख 32 हजार 233 थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में 2 हजार 934 अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है।
किसानों की सुविधा और परिवहन दूरी कम करने के उद्देश्य से जिले में खरीदी केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पिछले वर्ष जहां 96 केंद्र संचालित थे, वहीं इस वर्ष 26 नए केंद्रों की स्थापना के बाद इनकी संख्या बढ़कर 122 हो गई है।
नए केंद्रों के शुरू होने से किसानों को लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी। इससे समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत होगी। प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रधान संपादक