Explore

Search

November 15, 2026 6:50 pm

बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान, हिंसा की जगह विश्वास और विकास का नया वातावरण : नितिन नवीन

जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन, हजारों की संख्या में शामिल हुए जनजातीय समाज के लोग

CBN36 रायपुर, 15 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया गया। समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि बस्तर में अब बंदूकों की जगह खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। भय और हिंसा का स्थान शिक्षा, विश्वास और विकास ले रहा है।

नितिन नवीन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की विरासत और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है।

उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज भारतीय संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्रीय एकता का महत्वपूर्ण प्रहरी रहा है। प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की जनजातीय परंपरा पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना से जनजातीय बहुल गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर में शांति और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां आज बच्चे खेल, शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से अपने भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 के बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी ने क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा को नई पहचान दी। वहीं शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने नीट और लगभग 346 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स में सफलता हासिल की।

जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं भगवान बिरसा मुंडा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाना सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने जनजातीय पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तीर-धनुष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया। साथ ही जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती वीरों और बलिदानियों की धरती है। शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गेंद सिंह सहित अनेक जनजातीय नायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

6,691 गांवों तक पहुंच रही विकास योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए पीएम-जनमन योजना के तहत भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। योजना की 33 किस्तों में अब तक लगभग 21,350 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।

तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना फिर शुरू की गई है। जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अखरा और देवगुड़ी विकास के कार्य भी कराए जा रहे हैं। अखरा विकास के प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान की सफलता से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बन रहा है। नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विकास को गति दी जा रही है। सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित कर लोगों को शासकीय योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मनेंद्रगढ़ और गीदम में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। जगरगुंडा और ओरछा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लगभग 35 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा भी शुरू की गई है।

कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता

समारोह में मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता मिलेगी। इससे विशेष रूप से लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को लाभ होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी शुरू हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। नए केंद्रों से किसानों को लंबी दूरी तय करने और उपार्जन केंद्रों में भीड़ की समस्या से राहत मिलेगी।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित सांसद, जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित किया गया। विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सम्मानित करने के साथ जनजातीय कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों पर आधारित स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS