कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, जनजातीय अस्मिता और अधिकारों के संघर्ष को किया नमन
CBN36 वर्धा, 15 नवंबर। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में रविवार को महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के बिरसा मुंडा छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में छात्र अधिष्ठाता प्रो. अवधेश कुमार, मुख्य छात्रावास अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन राय, बिरसा मुंडा छात्रावास के अधीक्षक डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. देवेंद्र कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें डॉ. योगेंद्र बाबू, राकेश सिंह फकलियाल, डॉ. रणंजय कुमार सिंह, डॉ. दत्तू राम देव और डॉ. तेजस्वी हेगड़े प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत, शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संचार किया। उनका संघर्ष जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ-साथ जनजातीय अस्मिता एवं सामाजिक न्याय का प्रतीक है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार आज भी सामाजिक समानता, सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरणा देते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को जनजातीय इतिहास और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय नायकों के योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बिरसा मुंडा छात्रावास में आयोजित यह कार्यक्रम जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय के मूल्यों को आत्मसात करने तथा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
प्रधान संपादक