CBN36 बलौदाबाजार। स्वास्थ्य विभाग में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर उसे असली बताकर प्रस्तुत करने के मामले में पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी करने और फर्जी दस्तावेज को असली के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप है।
मामला थाना पलारी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन ने CMHO बलौदाबाजार कार्यालय के नाम से जारी एक स्थानांतरण आदेश प्रस्तुत किया था।
CMHO कार्यालय के नाम से जारी किया फर्जी आदेश
पुलिस के मुताबिक प्रस्तुत आदेश क्रमांक एच.एम./ए.आर./2026-27/1359, दिनांक 14 अगस्त 2026 में करण कुमार देवांगन का स्थानांतरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर, विकासखंड भाटापारा दर्शाया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि राज्य संवर्ग के कर्मचारी के स्थानांतरण का अधिकार राज्य शासन के पास है।
CMHO कार्यालय से जब आदेश की पुष्टि की गई तो ऐसा कोई आदेश जारी होना नहीं पाया गया। जांच में आदेश पर अंकित हस्ताक्षर भी फर्जी और कूटरचित पाए गए।
जांच में खुला फर्जीवाड़े का राज
शिकायत की जांच के बाद पलारी पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने और उसे प्रस्तुत करने में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक राय होकर अपराध करना स्वीकार किया।
चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पलारी पुलिस ने मामले में करण कुमार देवांगन सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में—
- करण कुमार देवांगन (44), निवासी मंगलम कॉलोनी बलौदाबाजार, चिकित्सा सहायक, PHC रोहांसी।
- रवि कुमार सेन (43), निवासी कसडोल वार्ड क्रमांक 04, सिरपुर रोड एवं ग्राम कटगी, थाना कसडोल।
- पुनीराम पटेल (51), निवासी ग्राम गिरौदपुरी, अटल चौक के पास, थाना गिधौरी, चौकी गिरौदपुरी।
- किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी (53), निवासी ग्राम रिसदा, गांधी चौक, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार।
पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को 22 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया जारी है। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
प्रधान संपादक




