रेलवे सैलरी पैकेज के तहत एसबीआई ने दी आर्थिक सहायता, अक्टूबर 2024 में हुआ था समझौता
CBN36 बिलासपुर, 14 अक्टूबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में दिवंगत रेलकर्मी के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता मिली है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने रेलवे सैलरी पैकेज के तहत दिवंगत ट्रैक मेंटेनर शिवा सिंह की पत्नी को 1 करोड़ 10 लाख रुपये की बीमा दावा राशि प्रदान की। यह राशि कर्मचारी के परिवार को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता मानी जा रही है।
मंगलवार को मंडल के कार्मिक विभाग में बीमा क्लेम भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई। स्वर्गीय शिवा सिंह खोडरी में ट्रैक मेंटेनर के पद पर कार्यरत थे। रेलवे सैलरी पैकेज के तहत एसबीआई में वेतन खाता रखने वाले रेल कर्मचारियों को विभिन्न बीमा सुविधाओं और वित्तीय लाभों का प्रावधान है। इसी योजना के अंतर्गत दिवंगत कर्मचारी की पत्नी को बीमा राशि दी गई।
रेलवे और एसबीआई के बीच हुआ था समझौता
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल और भारतीय स्टेट बैंक के बीच अक्टूबर 2024 में समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ था। इसी के तहत रेलवे सैलरी पैकेज योजना संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में आश्रितों को आर्थिक सहायता मिल सके।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ भुगतान
इस अवसर पर मंडल कार्मिक अधिकारी यू. एस. एस. राव, कल्याण निरीक्षक राहुल मजूमदार, एसबीआई के कॉरपोरेट सैलरी रिलेशनशिप प्रबंधक अंकुश गुप्ता और शाखा प्रबंधक मृत्युंजय वर्मा उपस्थित रहे।
रेलवे सैलरी पैकेज के तहत मिली 1.10 करोड़ रुपये की बीमा राशि कर्मचारी कल्याण और परिवारों को आर्थिक संबल देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधान संपादक