
प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर दिया जोर, पत्रकार भवन के लिए भूमि और निर्माण में सहयोग का भरोसा

CBN36 बिलासपुर, 27 नवंबर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकार जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त करने में पत्रकारों की अहम भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों से समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करने और सामाजिक प्रभावों को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव बिलासपुर के स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उप मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। किसी व्यक्ति से संबंधित समाचार प्रकाशित करने से पहले पूरी पड़ताल जरूरी है, क्योंकि अपुष्ट जानकारी से किसी की प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने पत्रकारिता को तपस्या बताते हुए कठिन परिस्थितियों में भी जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों की सराहना की।

सम्मेलन में बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन के लिए भूमि की मांग पर अरुण साव ने संघ के पदाधिकारियों से दोनों शहरों में उपयुक्त भूमि चिह्नित कर खसरा नंबर एवं राजस्व अभिलेखों के साथ संबंधित कलेक्टर को आवेदन प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने भूमि आवंटन की प्रक्रिया में शासन की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही भूमि आवंटित होने के बाद पत्रकार भवन के निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की भी बात कही।उन्होंने बताया कि बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन किया जा चुका है। इन विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
इस अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि पत्रकारिता आम नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने और जनसमस्याओं को प्रशासन के सामने रखने का सशक्त माध्यम है। समस्याओं को तथ्यपरक ढंग से सामने रखने से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ संवाद के जरिए समाधान का रास्ता निकलता है।
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार बीमा योजना लागू करने, पत्रकार सम्मान निधि के नियमों को सरल बनाने तथा आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने की मांग रखी।
बिरकोना पत्रकार कॉलोनी के विकास कार्यों के लिए इरशाद अली सम्मानित, डिप्टी सीएम अरुण साव ने की जमकर सराहना

सम्मेलन में पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं पूर्व बिलासपुर प्रेस क्लब गृह निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष तथा वर्तमान उपाध्यक्ष इरशाद अली को पत्रकार कॉलोनी बिरकोना में कराए गए उल्लेखनीय विकास कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी उनके प्रयासों, सक्रियता और समर्पण की जमकर सराहना की।
पत्रकार कॉलोनी बिरकोना में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। खासतौर पर पत्रकार कॉलोनीवासियों के लिए हाल ही में स्वीकृत 14 करोड़ 14 लाख रुपये की सड़क निर्माण परियोजना को लेकर किए गए उनके प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इरशाद अली के जुझारूपन, सक्रियता और कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि समर्पण, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयासों से किए गए कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। पत्रकार कॉलोनी के विकास के लिए उनके द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।


सम्मेलन में संघ के प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राई , कोषाध्यक्ष अनिल पवार, संयोजक राजेश मिश्रा, प्रदेश सचिव रवि शुक्ला निर्मल सलूजा, रामाधार पटेल, मनोज मिश्रा, निर्मल शुक्ला, अरविंद शुक्ला और इरशाद अली प्रेस क्लब के पूर्व सचिव दिलीप यादव, जेपी अग्रवाल, लोकेश वाघमारे, मनीष शर्मा, विनय मिश्रा, संजीव सिंह, जियाउल्लाह खान, गंगा मानिकपुरी, संतोष सिंह ठाकुर सहित प्रदेशभर से आए पत्रकार उपस्थित रहे। इस अवसर पर मोहित जायसवाल, डॉ. तिलक राम साहू, चंद्र प्रकाश सूर्या और राजेश सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।कार्यक्रम के अंत में संघ के कोषाध्यक्ष अनिल पवार ने आभार व्यक्त किया।
प्रधान संपादक