Explore

Search

November 25, 2026 5:47 pm

सुकमा में नक्सलियों के छिपाए डम्प का भंडाफोड़, 8 देशी हथियार और 229 जिंदा कारतूस बरामद

आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बलों की कार्रवाई, भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामग्री भी मिली

CBN36 सुकमा, 25 नवंबर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने चिंतलनार थाना क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम एवं रासापल्ली के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डम्प से 8 देशी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन आईईडी सहित भारी मात्रा में विस्फोटक एवं अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को दोपहर रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान संयुक्त टीम को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री के डम्प का पता चला। इसके बाद डम्प की सघन तलाशी ली गई, जिसमें 2 सिंगल शॉट रायफल और 6 भरमार बंदूक सहित कुल 8 कंट्रीमेड हथियार बरामद हुए।

इसके अलावा एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 के 30, 9 एमएम के 13 तथा 12 बोर के 4 जिंदा कारतूस मिले। इस तरह कुल 229 कारतूस बरामद किए गए।

सर्चिंग के दौरान 10 से 12 किलोग्राम वजन का एक टिफिन आईईडी वायर रहित अवस्था में, 3 हैंड ग्रेनेड, 4 देशी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल सेल एवं कारतूस भी बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त इंसास और एके-47 की 4-4 मैगजीन, स्टेनगन की 2 मैगजीन, वायरलेस सेट, लगभग 50 मीटर कोडेक्स वायर, 12 वोल्ट की 4 बैटरियां, लगभग 5 किलोग्राम गन पाउडर, रिमोट रिसीवर तथा करीब 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर भी मिला।

डम्प से नक्सलियों की 15 जोड़ी काली वर्दी, कॉम्बैट वर्दी का कपड़ा, पिट्ठू बैग, मैगजीन पाउच, वायरलेस उपकरण, दवाइयां, नक्सली साहित्य एवं अन्य उपयोगी सामग्री भी बरामद की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की एवं  मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में संचालित की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नक्सलियों द्वारा जंगलों और दुर्गम इलाकों में पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद एवं विस्फोटक सामग्री के डम्प की बरामदगी के लिए लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

सुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत बनाने तथा नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नक्सल उन्मूलन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS