Explore

Search

November 25, 2026 5:47 pm

हर बच्चे के बेहतर बचपन की सीख लेने गुजरात के नंद घरों में पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से की सौजन्य मुलाकात

Cbn36 रायपुर, 25 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम करई स्थित नंद घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नंद घरों में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उनकी देखभाल की व्यवस्थाओं को करीब से समझा। उन्होंने बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया। नंद घरों में बच्चों के लिए बेहतर वातावरण, माताओं को सहयोग तथा स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सुविधाओं की व्यवस्था को महत्वपूर्ण बताया।

गांधीनगर स्थित सचिवालय में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात भी की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर तथा छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।

मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों में संचालित महिला एवं बाल विकास योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं तथा बच्चों और महिलाओं के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री राजवाड़े ने गुजरात में संचालित योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जानकारी ली।

गुजरात प्रवास का यह कार्यक्रम दोनों राज्यों के बीच बेहतर कार्यप्रणाली और अनुभवों के आदान-प्रदान की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। नंद घरों में देखी गई व्यवस्थाओं और नवाचारों से छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बच्चों तक बेहतर पोषण, शिक्षा और देखभाल की सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS