Explore

Search

November 24, 2026 6:21 pm

एसपी विजय पाण्डेय के निर्देश पर अकलतरा पुलिस की तड़के बड़ी कार्रवाई, अवैध महुआ शराब के अड्डे पर मारा छापा

95 लीटर कच्ची महुआ शराब समेत 3.20 लाख रुपये का मशरूका जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार; दो अन्य की तलाश जारी

CBN36 जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मंगलवार तड़के अकलतरा अनुभाग पुलिस ने ग्राम बड़े अमेरी के नाला किनारे स्थित सबरिया डेरा में दबिश देकर अवैध हाथ भट्टी से तैयार की जा रही कच्ची महुआ शराब के कारोबार का पर्दाफाश किया। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में 95 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो मोटरसाइकिल, एक टुल्लू पंप और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन एवं उपकरण सहित कुल 3 लाख 20 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब, जुआ और सट्टा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 24 नवंबर को अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बड़े अमेरी के नाला किनारे सबरिया डेरा में कुछ लोग बड़े पैमाने पर हाथ भट्टी से महुआ शराब तैयार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही एसडीओपी अकलतरा के नेतृत्व में थाना अकलतरा, थाना मुलमुला एवं पुलिस सहायता केंद्र कोटमी की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर बड़ा चूल्हा बनाकर तीन हांडियों के माध्यम से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब तैयार करते लोग मिले। शराब बिक्री के उद्देश्य से बनाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान छह प्लास्टिक जरीकेन में रखी कुल 95 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 9,500 रुपये आंकी गई है।

दो मोटरसाइकिल समेत शराब बनाने के उपकरण जब्त

पुलिस ने मौके से होंडा हॉर्नेट और पल्सर N250 मोटरसाइकिल, एक टुल्लू पंप, तीन एल्यूमीनियम की हांडियां तथा प्लास्टिक पाइप भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई में ग्राम बड़े अमेरी, कोटमीसोनार निवासी 22 वर्षीय बाबूलाल गौड़, पिता धरम गौड़ को गिरफ्तार किया गया।

दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के कथन में इस अवैध गतिविधि में आशीष गौड़ और राकेश गौड़ की संलिप्तता भी सामने आई है। दोनों की तलाश की जा रही है। आरोपी बाबूलाल गौड़ के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 695/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक व्योमेश लिल्हारे एवं रितेश परमार सहित अकलतरा थाना और पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसपी का अवैध कारोबारियों को स्पष्ट संदेश

पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS