Explore

Search

November 23, 2026 1:44 pm

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत का जलवा, दुर्लभ पांडुलिपियां और ताम्रपत्र बने आकर्षण

CBN36 नई दिल्ली/रायपुर। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत के जरिए देश-दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है। भारत मंडपम के हॉल नंबर-4 में लगाए गए छत्तीसगढ़ पवेलियन में दुर्लभ पांडुलिपियों, प्राचीन ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों का विशेष प्रदर्शन किया जा रहा है। आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी इन ऐतिहासिक धरोहरों को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह है।

छत्तीसगढ़ का यह पवेलियन 1,000 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित किया गया है, जहां प्रदेश की प्राचीन विरासत के साथ पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 20 नवंबर को पवेलियन का अवलोकन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के लिए चर्चा में रहने वाला बस्तर और छत्तीसगढ़ आज अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं के लिए देश-दुनिया में नई पहचान बना रहा है।

कल्चुरि काल की पांडुलिपियां बनीं विशेष आकर्षण

प्रदर्शनी में रतनपुर के कल्चुरि काल की औषधीय पांडुलिपियां ‘खूब तमाशा’ और ‘नासकेत’ विशेष आकर्षण हैं। इसके अलावा रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव द्वारा वर्ष 1735 में जारी ताम्रपत्र भी प्रदर्शित किया गया है। यह तत्कालीन राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण प्रमाण है।

रानी दुर्गावती के युग से संबंधित स्वर्णाक्षरों में लिखी दुर्लभ पांडुलिपि तथा गोस्वामी तुलसीदास की शिष्य परंपरा से जुड़े सुषेनदास महाराज की रामायण विषयक पांडुलिपि भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि भी प्रदर्शित

प्रदर्शनी में वर्ष 1858 में बाबू रेवाराम कायस्थ पंडित द्वारा लिखित ‘तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की’ भी रखी गई है। इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है। इस ग्रंथ में हैहैयवंशी कल्चुरि राजाओं और उनके शासनकाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं।

इसके साथ ही ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के शासनकाल की मोड़ी लिपि में लिखी कर संबंधी सनद भी प्रदर्शित की गई है, जो तत्कालीन राजस्व एवं प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी देती है।

प्रथम विश्वयुद्ध से पहले की आर्थिक स्थिति का दस्तावेज

बिलासपुर के विद्वान पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर द्वारा हस्तलिखित व्यय विवरणिका भी प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्ष 1913 के आसपास तैयार इस दस्तावेज में छत्तीसगढ़ की तत्कालीन आर्थिक स्थिति, दैनिक उपयोग की वस्तुओं के मूल्य और वित्तीय प्रबंधन का विवरण मिलता है। पंडित ठाकुर ने ई. राघवेंद्र राव का मार्गदर्शन भी किया था।

जेल में तैयार हुई थी देश की अनूठी हस्तलिखित पत्रिका

प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा द्वारा रायपुर जेल में रहते हुए संपादित ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार’ पत्रिका की मूल प्रति भी रखी गई है। वर्ष 1921-22 के दौरान असहयोग आंदोलन के समय तैयार इस द्विमासिक सचित्र पत्रिका के छह अंक प्रकाशित हुए थे। इसमें जेल के भीतर स्वतंत्रता सेनानियों और कैदियों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार तथा कठिन परिस्थितियों का वर्णन किया गया था।

ज्ञान भारतम मिशन से होगा ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण

केंद्र सरकार के ज्ञान भारतम मिशन के तहत देश की प्राचीन पांडुलिपियों की खोज, सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य भारत की समृद्ध हस्तलिखित ज्ञान परंपरा को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

उल्लेखनीय है कि भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है। यहां प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत के साथ कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और आधुनिक विकास की झलक भी देखने को मिल रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS