Explore

Search

November 22, 2026 4:44 pm

शासकीय जमीन की हेराफेरी कर बेचने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, विक्रेता उजीतराम पहुंचा जेल

CBN36  रायगढ़। शासकीय भूमि को फर्जी दस्तावेजों के सहारे निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज कराकर बेचने के बहुचर्चित मामले में कापू पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भूमि विक्रेता उजीतराम (52 वर्ष), निवासी ग्राम रायमेर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले में इससे पहले तत्कालीन पटवारी राकेश साय और अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल ने शासकीय भूमि में फर्जीवाड़े की शिकायत थाना कापू में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरों में कूटरचना कर खसरा बंटाकन और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया। इसके बाद फर्जी पट्टे तैयार कर जमीन को बाहरी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज कराया गया और दलालों के माध्यम से उसकी रजिस्ट्री कराकर बिक्री की गई।

जांच में सामने आया कि तत्कालीन पटवारी राकेश साय ने शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किया था। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का अवैध अंतरण किया गया। मामले में पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, भूमि विक्रेता उजीतराम तथा अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो और लालबहादुर यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120(बी) भादवि में अपराध दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान 2 सितंबर 2026 को पुलिस ने फरार तत्कालीन पटवारी राकेश साय को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए गए थे। इसके बाद अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने रजिस्ट्री दस्तावेजों में साक्षी के रूप में हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार की थी। उसके बयान के आधार पर कैलाश जेठवानी से बातचीत में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

इसी कड़ी में 22 नवंबर को थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि मामले का आरोपी उजीतराम अपने गांव में मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उजीतराम ने बताया कि ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि को तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्ति के नाम पर दर्ज किया गया था। इसके बाद उसने उक्त भूमि की बिक्री के लिए मुक्तारनामा कैलाश जेठवानी को दिया था, जिसके माध्यम से जमीन की बिक्री कराई गई।

पुलिस ने विवेचना में उजीतराम की संलिप्तता से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शासकीय भूमि में फर्जीवाड़े के इस मामले में कापू पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अब शेष फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS