
गांव में ही 3,850 क्विंटल मक्के की खरीदी, मंडी से अधिक कीमत मिलने से किसानों को बड़ी राहत
CBN36 रायपुर, 22 नवंबर 2026। बस्तर जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की पहल से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अब बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ मंडियों का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है। उन्हें गांव में ही मंडी से अधिक कीमत पर मक्के का उचित मूल्य मिल रहा है।
बिहान के तहत गठित किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से अब तक उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से 3,850 क्विंटल मक्के की सीधी खरीदी की गई है। इसमें बकावंड की लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और दरभा की मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खरीदे गए मक्के का विक्रय सीधे स्थानीय व्यापारी सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को किया गया।
इस व्यवस्था से किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिलने के साथ ही परिवहन खर्च और मंडियों में लगने वाले समय की बचत हो रही है। गांव में ही उपज की खरीदी होने से किसानों को अपनी मेहनत का बेहतर मूल्य मिल रहा है। इससे उनकी आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अब खाद-बीज भी उपलब्ध कराने की तैयारी

मक्के की सफल खरीदी के बाद एफपीओ अब किसानों को खेती के लिए आवश्यक खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयां भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन प्रमुख संस्था इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मशीन मिलने के बाद एफपीओ के माध्यम से किसानों को उचित दर पर समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी।
एफपीसी के पदाधिकारियों ने बताया कि लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी का उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस पहल से किसानों को न केवल अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, बल्कि खेती के लिए जरूरी संसाधन भी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगे।
इस पूरी पहल में बिहान के विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय सहभागिता रही।
प्रधान संपादक