Explore

Search

November 21, 2026 6:55 pm

वर्षांत से पहले रायगढ़ के थानों की पेंडेंसी 5 फीसदी से कम करने एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तय किया लक्ष्य

एक माह में लंबित अपराधों के निराकरण का अल्टीमेटम, 60 और 90 दिनों की समय-सीमा में विवेचना पूरी करने के निर्देश

ठंड में चोरी रोकने रात्रि गश्त होगी तेज, सट्टा खाईवालों की संपत्ति जब्ती की तैयारी

CBN36 रायगढ़, 21 नवंबर। रायगढ़ जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों को वर्षांत से पहले लंबित अपराधों के निराकरण का लक्ष्य दिया है। शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अगले एक माह के भीतर थानों की पेंडेंसी 5 प्रतिशत से कम करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित अपराधों के निराकरण में लापरवाही नहीं बरतने और निर्धारित समय-सीमा में विवेचना पूरी करने पर जोर दिया।

एसएसपी ने कहा कि त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन के बाद अब पुलिस की प्राथमिकता लंबित अपराधों का निराकरण, अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग को गति देना है। नवीन आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज मामलों का 60 एवं 90 दिवस की निर्धारित अवधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। न्यायालय में लंबित चालानों को शीघ्र प्रस्तुत करने और सीसीटीएनएस पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां पूरी करने को भी कहा।

ठंड में चोरी रोकने रात्रि गश्त होगी मजबूत

ठंड के मौसम में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए एसएसपी ने रात्रि गश्त बढ़ाने और बाहरी गिरोहों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। पिकनिक स्पॉट एवं पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा कर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा।

सट्टा खाईवालों की संपत्ति जब्ती की तैयारी

अपराध नियंत्रण के लिए संचालित ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन अंकुश, ऑपरेशन प्रहार, अभियान संवेदना और ऑपरेशन शंखनाद की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। सट्टा खाईवालों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ उनकी अवैध संपत्ति जब्त कराने की कार्रवाई की तैयारी करने को कहा। सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध गुंडा, निगरानी बदमाश और जिला बदर के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।

NETGRID से पकड़े जाएंगे फरार आरोपी

फरार आरोपियों, वारंटियों और गुम इंसानों की पतासाजी के लिए NETGRID सॉफ्टवेयर का अधिकाधिक उपयोग करने पर जोर दिया गया। गुम बालक-बालिकाओं और अन्य लापता व्यक्तियों की दस्तयाबी के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ नए सिरे से प्रयास करने के निर्देश दिए।

किराएदारों का सत्यापन अनिवार्य, नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने और मकान मालिकों को सिटीजन पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने के लिए जागरूक करने को कहा। होटल, लॉज एवं अन्य अस्थायी निवास स्थलों की नियमित जांच तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तेज रफ्तार वाहनों की जांच और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अधिकाधिक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध, स्पष्ट और तथ्यात्मक जानकारी भेजने के निर्देश दिए। बैठक में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS