Explore

Search

November 21, 2026 6:00 pm

चाचा की संदिग्ध मौत का मामला पहुंचा भोपाल पुलिस के पास, रायपुर पुलिस ने सौंपी मर्ग डायरी

जी मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार ऋषि कुमार की शिकायत पर रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने लिया था संज्ञान, डीसीपी दीपमाला कश्यप ने कराई जांच

भोपाल में लगी थी चोट, रायपुर के अस्पताल में हुई मौत; पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सेप्टिकेमिक शॉक का उल्लेख, अब भोपाल पुलिस करेगी आगे की जांच

Cbn36 भोपाल/रायपुर। एक चोट, दो अस्पताल और मौत के बीच उठे गंभीर सवालों का जवाब अब भोपाल पुलिस तलाशेगी। डॉ. कृष्ण कुमार की संदिग्ध मौत के मामले में रायपुर पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग डायरी मध्यप्रदेश पुलिस को भेज दी है। जी मीडिया दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार ऋषि कुमार द्वारा की गई शिकायत पर रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद डीसीपी दीपमाला कश्यप के माध्यम से जांच कराई गई। अब रायपुर पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला भोपाल पुलिस के क्षेत्राधिकार में पहुंच गया है। परिजनों को उम्मीद है कि भोपाल पुलिस चोट लगने की घटना से लेकर दोनों अस्पतालों में हुए उपचार और मौत के कारणों तक की पूरी कड़ी की निष्पक्ष जांच करेगी।

भोपाल में लगी चोट, रायपुर में हुई मौत

शिकायत के अनुसार डॉ. कृष्ण कुमार 19 अक्टूबर 2025 को भोपाल के दानिश कुंज, डीके-2, कोलार रोड स्थित अपने परिजनों के यहां गए थे। बताया गया कि 23 अक्टूबर की रात करीब एक बजे बाथरूम से बाहर निकलते समय दरवाजे से टकराने के कारण उन्हें चोट लगी। इसके बाद उन्हें भोपाल के बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उपचार के लिए रायपुर के आईएलएस अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां 2 दिसंबर 2025 को रात करीब 8:47 बजे उनकी मौत हो गई। इस घटनाक्रम को लेकर परिजनों ने उपचार और मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए विस्तृत जांच की मांग की थी।

पीएम रिपोर्ट में सेप्टिकेमिक शॉक का उल्लेख

डॉ. कृष्ण कुमार की मृत्यु के बाद रायपुर के थाना पंडरी में मर्ग क्रमांक 35/2025, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मर्ग डायरी में संलग्न पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण ‘सेप्टिकेमिक शॉक इन ए ट्रीटेड केस ऑफ ब्लंट ट्रॉमा चेस्ट’ दर्ज है। शिकायतकर्ता ने उपचार के दौरान की परिस्थितियों, चिकित्सकीय अभिलेखों, अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि और मृत्यु के वास्तविक कारणों को लेकर संदेह जताया था। इसी आधार पर उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

28 सितंबर को पुलिस कमिश्नर से मिले थे परिजन

इस मामले को लेकर परिजन और वरिष्ठ पत्रकार ऋषि कुमार 28 सितंबर 2026 को रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला से मिले थे। उन्होंने उन्हें विस्तृत शिकायत सौंपकर मामले की जांच कराने का आग्रह किया था। पुलिस कमिश्नर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए डीसीपी दीपमाला कश्यप को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त पंडरी के माध्यम से शिकायत की जांच कराई गई।

32 पन्नों के दस्तावेजों के साथ भोपाल भेजी मर्ग डायरी

उत्तर क्षेत्र, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी जांच प्रतिवेदन में कहा गया है कि घटना की प्रारंभिक परिस्थितियां भोपाल से संबंधित हैं। मृतक को चोट लगने की कथित घटना भोपाल में हुई थी और शुरुआती उपचार भी बंसल अस्पताल में हुआ था। इसी आधार पर रायपुर पुलिस ने मर्ग में आगे की जांच भोपाल के संबंधित क्षेत्राधिकार वाले पुलिस थाने से कराने का निर्णय लिया। पत्र क्रमांक 31/2026 के माध्यम से मर्ग डायरी 32 पन्नों के संलग्न दस्तावेजों सहित भेजी गई है।

अब इन सवालों के जवाब तलाशेगी भोपाल पुलिस

मामले में अब कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच अपेक्षित है। डॉ. कृष्ण कुमार को चोट किन परिस्थितियों में लगी? बंसल अस्पताल में उनके उपचार के दौरान क्या चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाई गई? रायपुर के आईएलएस अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनकी हालत में क्या बदलाव आया? पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज मृत्यु के कारण और उपचार के बीच क्या संबंध है? इन सभी बिंदुओं पर चिकित्सकीय रिकॉर्ड और संबंधित तथ्यों के आधार पर जांच से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल परिजनों की निगाहें भोपाल पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। उनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच हो तथा यदि किसी स्तर पर चिकित्सकीय लापरवाही या अन्य अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS