“कुर्सियां बदलती रहती हैं, चेहरे बदलते रहते हैं, वक्त बदलता रहता है… लेकिन अच्छे काम अपनी पहचान कभी नहीं खोते”
CBN36 बिलासपुर ।आज बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा द्वारा प्रेस क्लब की प्रकाशित स्मारिका ससम्मान भेंट की गई। इस स्मारिका को देखकर महसूस हुआ कि यह महज एक प्रकाशन नहीं, बल्कि बिलासपुर प्रेस क्लब के इतिहास, संघर्ष, उपलब्धियों और अनगिनत पुरानी यादों को सहेजने की एक सार्थक पहल है।
कई वर्षों बाद किसी अध्यक्ष की पहल पर स्मारिका का प्रकाशन होना अपने आप में एक महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन इस प्रयास की अहमियत सिर्फ स्मारिका प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है। असली बात उस सोच और इच्छाशक्ति की है, जिसने वर्षों से बिखरी यादों को एक जगह संजोने का काम किया।
हो सकता है कुछ लोगों को यह पहल अच्छी न लगे, कुछ की अपनी असहमति भी हो सकती है। लोकतंत्र और संगठन में हर किसी की अपनी राय होती है। लेकिन किसी के प्रयास का मूल्यांकन पूर्वाग्रह से नहीं, निष्पक्षता से होना चाहिए।

अजीत मिश्रा का अध्यक्ष के रूप में यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है। सभी को साथ लेकर चलने की उनकी कोशिश, पुराने साथियों को सम्मान देने की सोच और संगठन की विरासत को सहेजने की पहल काबिल-ए-तारीफ है।
एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए-आज अजीत मिश्रा हैं, कल कोई और होगा। परिवर्तन संसार का नियम है। पद किसी के पास स्थायी नहीं रहता, अध्यक्ष भी बदलते रहेंगे, नेतृत्व भी बदलता रहेगा। लेकिन पद पर रहते हुए किए गए अच्छे काम और सकारात्मक पहल हमेशा याद रखे जाते हैं।व्यक्ति महत्वपूर्ण जरूर है, लेकिन उससे भी महत्वपूर्ण वह सोच है जो संगठन को आगे ले जाए।
आज जरूरत इस बात की नहीं कि किसने क्या किया, बल्कि इस बात की है कि संगठन के हित में किए गए अच्छे कामों को खुले दिल से स्वीकार किया जाए और प्रोत्साहित किया जाए।अध्यक्ष अजीत मिश्रा की इस पहल के लिए साधुवाद।
प्रधान संपादक