CBN36 जांजगीर-चांपा। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पाण्डेय एक्शन मोड में नजर आए। 17 नवंबर को पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने साफ संदेश दिया कि पुलिसिंग में लापरवाही, फरार अपराधियों को खुली छूट और आम जनता की शिकायतों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फरार आरोपियों और वारंटियों पर चलेगा गिरफ्तारी अभियान
एसपी ने फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। लंबित गिरफ्तारी वारंट और स्थायी वारंटों की तामीली में तेजी लाने के साथ ही फरार अपराधियों की पतासाजी कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
गुंडा-बदमाशों पर पुलिस की पैनी नजर
थाना और चौकी क्षेत्रों में सक्रिय गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग करने तथा उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने बीट प्रणाली को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों से लगातार अपडेट रहें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
संदिग्धों की खैर नहीं, जगह-जगह होगी नाकाबंदी
अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर प्रभावी नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए गए। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
आम जनता की शिकायतों को लेकर भी एसपी सख्त
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों को दो टूक कहा कि थाने और चौकियों में आने वाले फरियादियों के साथ शालीनतापूर्ण व्यवहार किया जाए। उनकी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित एवं उचित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों का समयबद्ध निराकरण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
लापरवाही पर नहीं मिलेगी छूट
अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर आयोजित इस बैठक में एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए। बैठक का स्पष्ट संदेश रहा कि अपराधियों पर सख्ती, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी कोतवाली योगिताबाली खापर्डे, एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा, चांपा लौकेश बंसल, अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह, स्टेनो राजेंद्र श्रीवास्तव, रीडर-1 अश्वनी राठौर एवं स्थापना प्रभारी कृष्णा साहू उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक