Explore

Search

November 18, 2026 12:00 pm

शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 70.77 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी की मां भी गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने की निवेश में सतर्कता बरतने की अपील कहा शेयर मार्केट में कम समय में रकम दोगुनी करने या निश्चित और असामान्य मुनाफा देने के दावों पर भरोसा न करें,बिना वैधानिक जांच के किसी को अपनी मेहनत की कमाई न सौंपें। आर्थिक धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं”

CBN36 रायगढ़। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी करने के मामले में रायगढ़ पुलिस को एक और सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी मेनका सारथी की मां मीरा सोनवानी (57 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोप है कि वह अपनी बेटी के साथ मिलकर गांव की महिलाओं को निवेश के लिए प्रेरित करती थी और ठगी की रकम जमा कराने में सहयोग करती थी।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जतरी निवासी हारा बाई निषाद सहित गांव की कई महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मेनका सारथी शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का दावा करती थी। वह महिलाओं को कम समय में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाती थी। यहां तक कि रकम दोगुनी नहीं होने पर अपनी और अपने पति की गारंटी पर पैसे लौटाने की बात कहती थी। उसके झांसे में आकर महिलाओं ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपये निवेश कर दिए।

शिकायत के मुताबिक, 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच अकेले हारा बाई निषाद से 17 लाख 53 हजार रुपये लिए गए, जबकि गांव की अन्य महिलाओं सहित कुल 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की धोखाधड़ी की गई। शुरुआत में कुछ महिलाओं को मुनाफे की रकम लौटाकर उनका विश्वास जीता गया, लेकिन बाद में न तो मुनाफा दिया गया और न ही मूल रकम वापस की गई।

तीन बैंक खातों में मिला लाखों का लेनदेन

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। बैंक खातों के लेनदेन, पीड़ित महिलाओं के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 22 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) में मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान मीरा सोनवानी के तीन अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई। पुलिस ने इससे पहले 6 अक्टूबर को मुख्य आरोपी मेनका सारथी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिनकेतन सिदार की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने मिनकेतन सिदार और अक्षय सारथी को भी गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा।

बेटी के साथ मिलकर महिलाओं को करती थी प्रेरित

पुलिस के मुताबिक, मीरा सोनवानी अपनी बेटी मेनका के साथ मिलकर महिलाओं को निवेश के लिए तैयार करती थी। इसके एवज में मेनका उसे 5 हजार और 10 हजार रुपये दिया करती थी। पूर्व में पुलिस ने उसकी तलाश में दबिश दी थी, लेकिन वह नहीं मिली थी। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर साइबर थाना पुलिस ने ग्राम जतरी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के बैंक खाते से संबंधित जानकारी भी जब्त की गई है।

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे आर्थिक लेनदेन की जांच की जा रही है।

एसएसपी ने की निवेश में सतर्कता बरतने की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट में कम समय में रकम दोगुनी करने या निश्चित और असामान्य मुनाफा देने के दावों पर भरोसा न करें। बिना वैधानिक जांच के किसी को अपनी मेहनत की कमाई न सौंपें। आर्थिक धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी उप निरीक्षक संजय नाग एवं साइबर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS