ऑपरेशन बाज का बड़ा एक्शन: एसएसपी के सख्त निर्देश पर पुलिस की दबिश, 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल और तस्करी में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त
CBN36 मुंगेली। मुंगेली जिले में नशे के अवैध कारोबारियों की अब खैर नहीं! नशे के सौदागरों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने सख्त तेवर दिखाते हुए पुलिस को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जिले में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी का नतीजा है कि मुंगेली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर नशे के नेटवर्क पर जोरदार चोट की है।
भारत सरकार के नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के तहत SSP भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के अंतर्गत साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की है।
प्रयागराज से बस में ब्राउन शुगर लेकर पहुंचे, मुंगेली में पुड़िया बनाकर बेचने की थी तैयारी
पुलिस की जांच में जो कहानी सामने आई, वह बेहद गंभीर है। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन जयकुमार साहू, दीपक यादव और रोशन पटेल 13 नवंबर को बस से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) पहुंचे और वहां से ब्राउन शुगर खरीदकर मुंगेली लेकर आए। इसके बाद 14 नवंबर को तीनों ने चौथे आरोपी देवा उर्फ वेदव्यास साहू के साथ मिलकर ब्राउन शुगर को छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर बिक्री करने की तैयारी शुरू कर दी थी। लेकिन इससे पहले ही मुंगेली पुलिस ने दबिश देकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, चारों आरोपी पुलिस के शिकंजे में
14 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सरदार पटेल वार्ड में सुरेन्द्र पटेल के घर के पीछे बाड़ी में कुछ व्यक्ति ब्राउन शुगर बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही SSP के निर्देश पर साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके से चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जहां तीन पैकेट में कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
1.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री जब्त की है-
- 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर – कीमत 59,000 रुपये।
- तीन मोबाइल फोन — कीमत 1,06,080 रुपये।
- एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन।
कुल जब्त मशरूका की कीमत 1,65,080 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयकुमार साहू (21), दीपक यादव (22), रोशन पटेल (20) और देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23), सभी निवासी मुंगेली के रूप में हुई है।
चारों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। 15 नवंबर को सभी को न्यायालय में पेश किया गया।
एसएसपी भोजराम पटेल का सख्त संदेश-नशे के कारोबारियों को नहीं मिलेगी कोई रियायत
इस कार्रवाई के पीछे SSP भोजराम पटेल का सख्त नेतृत्व और जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की रणनीति अहम रही। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी मुंगेली आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित साइबर सेल एवं सिटी कोतवाली के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी भोजराम पटेल का स्पष्ट संदेश है कि मुंगेली जिले में नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे की तस्करी करने वाले हों या इसकी बिक्री में शामिल लोग, कानून के दायरे में लाकर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नशामुक्त मुंगेली के लिए पुलिस की जनता से अपील
एसएसपी भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे की तस्करी, बिक्री या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एसएसपी भोजराम पटेल का संदेश साफ है नशे के कारोबार पर वार, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और नशामुक्त समाज का निर्माण।
प्रधान संपादक