Explore

Search

November 18, 2026 12:49 pm

मुंगेली पुलिस पर हमला कर जुआरियों को छुड़ाने और लूटपाट करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

CBN36 मुंगेली। जिले के फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र के ग्राम शुक्लाभाठा में जुआ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर मारपीट और लूटपाट करने के मामले में मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:53 बजे मुखबिर की सूचना पर फास्टरपुर पुलिस की टीम ग्राम शुक्लाभाठा में जुआ रेड कार्रवाई करने पहुंची थी।

इस दौरान पुलिस ने ताश के पत्तों से काट-पत्ती नामक जुआ खेलते हुए शैलेन्द्र गबेल, प्यारे लाल साहू, गोविंद गबेल, राजेश साहू सहित एक नाबालिग को पकड़ा था। पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही थी, तभी गांव के कुछ लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और पकड़े गए जुआरियों को छुड़ाने का प्रयास किया।

आरोप है कि इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों से नकदी और जुआ फड़ से बरामद रकम लूटकर ले गए। घटना में कुल 4,470 रुपये लूटे जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

प्रधान आरक्षक मनोज साहू की लिखित शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के घरों में दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 2,500 रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र उर्फ मुच्चु गबेल (30), प्यारे लाल साहू (40), गोविंद गबेल (27), उमेश उर्फ चन्द्रकुमार गबेल (37), खोमप्रसाद गबेल (32), शिवप्रसाद गबेल (46), कमलेश कुमार साहू (21) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। सभी ग्राम शुक्लाभाठा (विचारपुर), थाना फास्टरपुर-सेतगंगा, जिला मुंगेली के निवासी हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को 17 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित थाना एवं साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS