
CBN36 रतनपुर। धर्मनगरी रतनपुर में आंवला नवमी (अक्षय नवमी) के पावन अवसर पर मां महामाया मंदिर ट्रस्ट द्वारा मां लखनी देवी मंदिर एवं एकवीरा पहाड़ के नीचे भव्य आंवला भोज का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़े इस आयोजन में नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया।

सनातन धर्म में आंवले के वृक्ष को अत्यंत पवित्र एवं पूजनीय माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान श्रीहरि विष्णु का वास होता है तथा इसकी पूजा-अर्चना करने से सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी धार्मिक मान्यता और परंपरा के अनुरूप श्रद्धालुओं ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं ने आंवले के वृक्ष की परिक्रमा की और उसकी शीतल छांव में बैठकर सामूहिक रूप से भोजन प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों की सहभागिता रही। धार्मिक आयोजन के साथ ही सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का भी सुंदर दृश्य देखने को मिला।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए देर शाम तक भोजन प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मां महामाया मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह भव्य आंवला भोज धार्मिक आस्था, सनातन परंपरा और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी उदाहरण बना।
प्रधान संपादक