Explore

Search

November 21, 2026 2:34 pm

बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, खेतों में पानी भरने से धान की फसल बर्बाद होने का खतरा

CBN36 (धर्मेंद्र निर्मलकर)बिलासपुर। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पानी भरने से जहां खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है, वहीं कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल के सड़ने और खराब होने की आशंका भी बढ़ गई है। इससे किसानों के सामने भारी आर्थिक नुकसान का खतरा मंडराने लगा है।

गौरतलब है कि पहले अर्नब तूफान के प्रभाव से हुई बारिश के कारण खेतों में पककर तैयार धान की फसल गिर गई थी, जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं अब अकवन चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश ने बची हुई फसल को भी संकट में डाल दिया है।

क्षेत्र के अधिकांश किसानों ने धान कटाई का काम शुरू कर दिया है। कई किसानों ने फसल काटकर खेतों में ही रखी हुई है। ऐसे में शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। किसानों को आशंका है कि पानी में भीगने से कटे हुए धान के करपा सड़ सकते हैं और उनमें अंकुरण (जराई) शुरू हो सकता है। इससे धान की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ ही उपज का उचित मूल्य मिलना भी मुश्किल हो सकता है।

किसानों का कहना है कि बारिश थमने के बाद भी खेतों से पानी निकलने और जमीन सूखने में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है। इस दौरान खेतों में पड़े धान को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती होगी।

सालभर की मेहनत पर फिर रहा पानी

किसानों का कहना है कि उन्होंने सालभर कड़ी मेहनत और उम्मीदों के साथ धान की फसल तैयार की थी। पहले मौसम की मार से खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा और अब कटाई के समय हो रही बेमौसम बारिश ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ सकती है।

फिलहाल किसान मौसम खुलने और खेतों से जल्द पानी निकलने का इंतजार कर रहे हैं। अन्नदाता को चिंता सता रही है कि कहीं कुदरत की मार उनकी सालभर की मेहनत और कमाई पर पानी न फेर दे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS