
“एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, 04 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, जुआ खेलते 02 आरोपी पकड़े गए,फरार वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा, जुआरियों से नकदी और दो मोटरसाइकिल जब्त; अवैध शराब बिक्री की सूचना पर भी पुलिस ने दी दबिश”
CBN36 | मुंगेली। जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में मुंगेली पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस द्वारा संचालित विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत फरार स्थायी वारंटियों, जुआरियों और अवैध शराब बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग न्यायालयीन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे चार स्थायी वारंटियों को बिलासपुर एवं मुंगेली से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, सिटी कोतवाली क्षेत्र में 52 पत्ती से काटपत्ती जुआ खेल रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़कर उनके कब्जे से 1,700 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल जब्त की गईं।
चार फरार स्थायी वारंटियों पर कसा शिकंजा
पुलिस द्वारा लंबित न्यायालयीन मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे गोवर्धन यादव, शुभम शर्मा, राजू साहू एवं योगेश सोनवानी को गिरफ्तार किया गया। चारों आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
52 पत्ती से जुआ खेलते दो आरोपी गिरफ्तार
थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को किरण फ्यूल्स के पास दबिश देकर रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती से काटपत्ती जुआ खेल रहे दो आरोपियों को पकड़ा।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान कुरैशी (30 वर्ष), निवासी बड़ा बाजार मुंगेली तथा शेर सिंह (47 वर्ष), निवासी रामगढ़, थाना मुंगेली के रूप में हुई है।पुलिस ने मौके से 1,700 रुपये नकद एवं दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अवैध शराब बिक्री की सूचना पर दुकान में दी दबिश
इसी अभियान के तहत थाना फास्टरपुर पुलिस को ग्राम खैरा सेतगंगा में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने निरंजन टोंडर (50 वर्ष) की दुकान में दबिश देकर तलाशी ली। हालांकि तलाशी के दौरान शराब बरामद नहीं हुई, लेकिन सूचना की तस्दीक में शराब बिक्री की जानकारी सामने आने पर संबंधित व्यक्ति को सख्त हिदायत दी गई।इस मामले में इस्तगासा क्रमांक 21/173/2026 के तहत धारा 126, 135(3), 170 बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
अपराधियों के विरुद्ध जारी रहेगा अभियान
एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर मुंगेली पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी तथा जुआ, अवैध शराब बिक्री सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्ती जारी रहेगी। ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून से बचकर लंबे समय तक नहीं रहा जा सकता।
प्रधान संपादक