Explore

Search

November 24, 2026 6:03 pm

बिलासपुर की बदहाल सड़कों को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच ने खोला मोर्चा, एक सप्ताह का अल्टीमेटम

काम शुरू नहीं हुआ तो अमित तिवारी के नेतृत्व में होगा सड़क सत्याग्रह

CBN36 बिलासपुर, 24 नवंबर। बिलासपुर शहर की बदहाल सड़कों को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर के विभिन्न इलाकों में जर्जर सड़कों, गहरे गड्ढों, उड़ती धूल और जलभराव की समस्या को लेकर मंच ने नाराजगी जताई है। मंच के संयोजक अमित तिवारी ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में सड़कों की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ, तो नागरिक सुरक्षा मंच के बैनर तले शांतिपूर्ण जनआंदोलन और सड़क सत्याग्रह किया जाएगा।

अमित तिवारी ने कहा कि आज बिलासपुर शहर का शायद ही कोई ऐसा इलाका बचा है, जहां सड़कें सुरक्षित और चलने लायक हों। सरकंडा, तिफरा, तोरवा, मंगला, उसलापुर, व्यापार विहार और पुराना बस स्टैंड सहित शहर के अधिकांश क्षेत्रों में सड़कें उखड़ी हुई हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालक लगातार दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करने को मजबूर हैं। बारिश के बाद सड़कों की स्थिति और भी खराब हो गई है।

नागरिक सुरक्षा मंच की ओर से शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर सड़कों की स्थिति का जायजा लिया गया। मंच का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कें बारिश का सामना नहीं कर पा रही हैं। ऐसे में सड़क निर्माण की गुणवत्ता और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

प्रशासन के सामने रखीं चार प्रमुख मांगें

अमित तिवारी ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि पूरे शहर की खराब सड़कों का वार्डवार सर्वे कर तीन दिनों के भीतर सूची सार्वजनिक की जाए। पिछले तीन वर्षों में सड़क निर्माण और मरम्मत पर खर्च की गई राशि, संबंधित ठेकेदारों के नाम तथा गुणवत्ता जांच रिपोर्ट भी सार्वजनिक की जाए।

इसके साथ ही सभी प्रमुख मार्गों पर तत्काल गड्ढों की भराई कर आवागमन सुरक्षित बनाने और स्थायी डामरीकरण का काम शुरू करने की मांग की गई है। मंच ने घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग उठाई है।

एक सप्ताह बाद सड़क सत्याग्रह

अमित तिवारी ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर की सड़कों की बदहाली अब अनदेखी नहीं की जा सकती। प्रशासन को एक सप्ताह का समय दिया जा रहा है। यदि इस दौरान पूरे शहर में सड़क सुधार का काम शुरू नहीं किया गया, तो नागरिक सुरक्षा मंच शांतिपूर्ण जनआंदोलन करते हुए सड़क सत्याग्रह शुरू करेगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर निगम की होगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS