Explore

Search

November 24, 2026 6:13 pm

बघेलकापा में प्रनुषा हेल्थ केयर समिति ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 80 से अधिक ग्रामीणों की हुई जांच

नेत्र परीक्षण से लेकर सामान्य स्वास्थ्य जांच तक मिली सुविधाएं, ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक

Cbn36 बिलासपुर/ बघेलकापा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रनुषा हेल्थ केयर समिति द्वारा ग्राम पंचायत बेलगहना के ग्राम बघेलकापा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 80 से अधिक ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में ग्रामीणों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण, मोतियाबिंद की जांच तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर सहित अन्य सामान्य वाइटल जांच के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य की प्रारंभिक स्थिति का आकलन किया गया। शिविर में बुजुर्गों, महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

इस दौरान ग्रामीणों को आंखों की देखभाल, सामान्य स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के महत्व की जानकारी दी गई। चिकित्सकीय टीम ने लोगों को स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने और जरूरत पड़ने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रनुषा हेल्थ केयर की ओर से डॉक्टर ब्रजेश पटेल ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना संस्था की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। संस्था का प्रयास है कि आर्थिक कठिनाइयों अथवा जागरूकता के अभाव में कोई भी व्यक्ति प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि संस्था भविष्य में छत्तीसगढ़ के विभिन्न ग्रामीण एवं जरूरतमंद क्षेत्रों में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।

शिविर में 80 से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता ने आयोजन के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाया। प्रनुषा हेल्थ केयर समिति की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS