
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ स्वीकृत
Cbn36 रायपुर, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री साय मंगलवार को दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 101 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही रिसाली में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए 134 करोड़ रुपये, वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि और पीएम ई-बस सेवा जैसी योजनाओं से शहरों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। राज्य सरकार ने भी शहरों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना शुरू की है। इसके माध्यम से सड़क, पेयजल, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।
101 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

रिसाली में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख रुपये के एक कार्य तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 3 करोड़ 84 लाख रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
प्रमुख कार्यों में आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण तथा डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से सड़क विकास शामिल है। वार्ड क्रमांक 18 में 1 करोड़ 95 लाख रुपये से ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा। मैत्री नगर में उद्यान, समतलीकरण और प्रकाश व्यवस्था के लिए 1 करोड़ 65 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा तालपुरी और रूआबांधा, डुंडेरा पश्चिम, नेवई भांठा, नेवई बस्ती पूर्व तथा शक्ति विहार रिसाली में भी विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में 28 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा।
रिसाली को पीएम ई-बस सेवा से जोड़ने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में रिसाली नगर निगम क्षेत्र को पीएम ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा। इससे नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिसाली के विकास के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। नगरीय निकायों में नागरिक सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। रिसाली को 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने आश्वस्त किया कि रिसाली के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के कल्याण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। गरीब परिवारों के लिए 18 लाख आवासों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश के लगभग 3100 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू की गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं। सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीद रही है। 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।
95 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र और अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग की ओर से जरूरतमंद हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
प्रधान संपादक