विधायक अमर अग्रवाल की पहल पर विधायक निधि से 67 लाख रुपये के पांच विकास कार्य भी स्वीकृत
CBN36 बिलासपुर। शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने नगर पालिक निगम बिलासपुर के अंतर्गत 145 विकास कार्यों के लिए 38 करोड़ 89 लाख 47 हजार रुपये की अंतिम स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से शहर के विभिन्न वार्डों में अधोसंरचना विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
इसके साथ ही बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल की पहल पर विधायक निधि वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 67 लाख रुपये की लागत के पांच महत्वपूर्ण विकास कार्यों को भी स्वीकृति मिली है। इन कार्यों में विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन, शेड निर्माण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई है।
स्वीकृत कार्यों के तहत वार्ड क्रमांक 1 स्थित गीतांजलि विहार में शिव मंदिर के पास शेड एवं अन्य निर्माण के लिए 7 लाख रुपये दिए जाएंगे। वार्ड क्रमांक 26 में भोयरा मरार पटेल समाज के सामुदायिक भवन के तृतीय तल पर हॉल एवं दो कमरों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह वार्ड क्रमांक 44 शंकर नगर में ईशिता पार्क के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 67 सरकंडा लोधीपारा में सामुदायिक भवन के पुनर्निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र के जोन क्रमांक 3, 4, 5, 6 एवं 8 में वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे संबंधित क्षेत्रों में पेयजल एवं जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर का समग्र विकास और प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। शहर के अधोसंरचनात्मक विकास के लिए 38.89 करोड़ रुपये की स्वीकृति एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जनआवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शहर को बेहतर और सुविधायुक्त बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
नगर निगम क्षेत्र में 145 विकास कार्यों के लिए मिली बड़ी स्वीकृति और विधायक निधि से पांच अतिरिक्त कार्यों की मंजूरी से शहर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रधान संपादक