छत्तीसगढ़ में अब तक 2 करोड़ 49 लाख 18 हजार 115 आयुष्मान कार्ड बनाए गए
(धनंजय राठौर संयुक्त संचालक, जनसंपर्क)
CBN36 छत्तीसगढ़ ।स्वास्थ्य किसी भी समाज और राज्य के विकास की आधारशिला है। एक स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी सोच के साथ भारत सरकार द्वारा शुरू की गई विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ छत्तीसगढ़ में लाखों परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। राज्य सरकार ने इस योजना को अपनी स्वास्थ्य योजनाओं के साथ एकीकृत कर ‘शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना’ के रूप में लागू किया है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार पर होने वाले भारी खर्च से राहत दिलाना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के समन्वय से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इन योजनाओं ने आर्थिक कठिनाइयों के कारण इलाज से वंचित रह जाने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का एक मजबूत आधार तैयार किया है।
योजना का स्वरूप और प्रमुख लाभ
छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना का दायरा केवल केंद्रीय पात्रता सूची तक सीमित नहीं है। राज्य सरकार ने राशन कार्ड के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में लाने का प्रयास किया है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को देश और राज्य के पंजीकृत सरकारी एवं निजी अस्पतालों में निर्धारित पैकेज के अनुसार कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती है।
राज्य में आयुष्मान कार्ड (AB-PMJAY/SVSASY) बनाने के लिए निर्धारित 2 करोड़ 71 लाख 11 हजार 762 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 2 करोड़ 49 लाख 18 हजार 115 कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह कुल लक्ष्य का 91.9 प्रतिशत है। सूरजपुर जिला 21 लाख 93 हजार 647 आयुष्मान कार्ड बनाकर 97 प्रतिशत उपलब्धि के साथ राज्य में प्रथम स्थान पर है।
दूरस्थ वनांचलों और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ के तहत बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी और छुईखदान सहित 11 जिलों में 93 प्रतिशत राशन कार्डधारी हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और आयुष्मान कार्ड पंजीयन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को वर्ष 2021 में छह श्रेणियों में से चार श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हुए थे। इनमें तीन पुरस्कार आयुष्मान कार्ड पंजीयन और एक पुरस्कार लैंगिक समानता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया था।
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना: गंभीर बीमारियों के उपचार में बड़ी राहत
आयुष्मान योजना के साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना भी गंभीर और दुर्लभ बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है।
अंत्योदय एवं प्राथमिकता श्रेणी के राशन कार्डधारक तथा केंद्रीय सूची में शामिल पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जाता है। वहीं, राज्य योजना के अंतर्गत अन्य पात्र सामान्य राशन कार्डधारी परिवारों को 50 हजार रुपये तक की चिकित्सा सहायता प्रदान की जाती है।
कई गंभीर और दुर्लभ बीमारियों के उपचार में लाखों रुपये खर्च होते हैं, जो सामान्य परिवारों के लिए वहन करना बेहद कठिन होता है। ऐसी परिस्थितियों में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत अधिकतम 25 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है।
इस योजना के माध्यम से लिवर प्रत्यारोपण, किडनी ट्रांसप्लांट, हृदय रोग, कैंसर, कोक्लियर इम्प्लांट और दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियों जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार में सहायता दी जाती है। स्वीकृत सहायता राशि सीधे संबंधित अस्पतालों को जारी की जाती है, जिससे मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
जनवरी 2024 से अब तक इस योजना के अंतर्गत 3,281 हितग्राहियों के लिए कुल 203.07 करोड़ रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इनमें कैंसर उपचार के 2,476 मामलों के लिए 115.48 करोड़ रुपये, बोन मैरो ट्रांसप्लांट के 205 मामलों के लिए 27.06 करोड़ रुपये, डायलिसिस के 686 मामलों के लिए 17.18 करोड़ रुपये तथा हृदय संबंधी उपचार के 371 मामलों के लिए 17.08 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त किडनी ट्रांसप्लांट के 144 मामलों में 5.41 करोड़ रुपये और लिवर ट्रांसप्लांट के 31 मामलों में 5.57 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता उन परिवारों के लिए बड़ी राहत है, जिनके लिए गंभीर बीमारियों का इलाज आर्थिक रूप से लगभग असंभव हो जाता है।
70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर
वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में आयुष्मान वय वंदना कार्ड एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, उनकी आय अथवा सामाजिक स्थिति की परवाह किए बिना, 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जा रहा है।
इस योजना की विशेषता यह है कि पहले से मौजूद बीमारियों का उपचार भी कार्ड बनने के पहले दिन से ही कवर होता है। निर्धारित उपचार पैकेज में अस्पताल में भर्ती होने से पहले की जांच, दवाइयां और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आवश्यक फॉलोअप से संबंधित खर्च भी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने के लिए निर्धारित 8 लाख 71 हजार 717 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 6 लाख 23 हजार 220 कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का 71.5 प्रतिशत है। बस्तर जिला 2 लाख 48 हजार 497 कार्ड बनाकर 89.8 प्रतिशत उपलब्धि के साथ राज्य में प्रथम स्थान पर है।
दूरस्थ अंचलों तक पहुंच रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
छत्तीसगढ़ जनजातीय बहुल और ग्रामीण आबादी वाला राज्य है। यहां के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले अनेक परिवारों के लिए बड़े निजी अस्पतालों में उपचार कराना पहले आर्थिक रूप से बड़ी चुनौती हुआ करता था। आयुष्मान योजना ने इस चुनौती को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अब बस्तर और सरगुजा संभाग सहित दूरस्थ वनांचलों के पात्र नागरिक भी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित देश के अन्य शहरों के पंजीकृत अस्पतालों में निर्धारित पैकेज के तहत हृदय रोग, कैंसर, किडनी संबंधी बीमारियों, डायलिसिस, घुटना प्रत्यारोपण और न्यूरोसर्जरी जैसी जटिल चिकित्सा सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।
इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए उप स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां प्राथमिक उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की नियमित जांच तथा टेली-कंसल्टेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
घर बैठे भी बनवा सकते हैं आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाया गया है, ताकि पात्र हितग्राहियों को पंजीयन के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। नागरिक अपने स्मार्टफोन में ‘Ayushman App’ डाउनलोड करके अथवा आधिकारिक पोर्टल beneficiary.nha.gov.in पर जाकर आधार और राशन कार्ड के माध्यम से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके बाद पात्रता के अनुसार आयुष्मान कार्ड बनाया और डाउनलोड किया जा सकता है।
ऑफलाइन केंद्रों और हेल्पलाइन से भी मिल रही सहायता
जो नागरिक ऑनलाइन प्रक्रिया से कार्ड नहीं बनवा सकते, वे अपने नजदीकी चॉइस सेंटर, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), लोक सेवा केंद्र अथवा पंजीकृत सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध आयुष्मान मित्र की सहायता से निःशुल्क कार्ड बनवा सकते हैं।
योजना से संबंधित जानकारी, सहायता अथवा शिकायत के लिए राज्य हेल्पलाइन नंबर 104 और राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर 14555 पर संपर्क किया जा सकता है।
जागरूकता और बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में निरंतर प्रयास जरूरी
छत्तीसगढ़ में आयुष्मान योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। इसके बावजूद योजना की पहुंच और उपयोगिता को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कुछ क्षेत्रों में निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आयुष्मान कार्ड के लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पंजीकृत निजी अस्पतालों में उपचार और क्लेम संबंधी प्रक्रियाओं को सुगम बनाना तथा दूरदराज के क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।
स्वस्थ छत्तीसगढ़ की दिशा में मजबूत कदम
छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना और राज्य सरकार की स्वास्थ्य सहायता योजनाएं केवल सरकारी योजनाएं नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के लिए भरोसे और राहत का माध्यम बन रही हैं। इन योजनाओं ने यह उम्मीद मजबूत की है कि आर्थिक अभाव किसी जरूरतमंद व्यक्ति के उपचार में बाधा न बने।
आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को मिल रही स्वास्थ्य सुरक्षा, गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए विशेष आर्थिक सहायता और वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य कवर जैसी पहलें एक स्वस्थ और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। निश्चित रूप से, बेहतर क्रियान्वयन और जनजागरूकता के साथ ये योजनाएं राज्य के नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में और अधिक प्रभावी साबित हो सकती हैं।
प्रधान संपादक