अब QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी ई-चालान की जानकारी, ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी होगी उपलब्ध
शासकीय कार्यालयों, पेट्रोल पंपों, बैंकों और ऑटो डीलर्स के यहां लगाए जा रहे QR कोड
CBN36 रायपुर। वाहन चालकों की सुविधा और लंबित ई-चालान के त्वरित निराकरण के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नई पहल की है। अब वाहन मालिक अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर अपने वाहन पर जारी ई-चालान की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही उसका ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे। इस सुविधा से ई-चालान की जानकारी प्राप्त करने और भुगतान करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक हो जाएगी।
यातायात पुलिस द्वारा शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ITMS कैमरों एवं पुलिस टीम के माध्यम से लगातार ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। चालान जारी होने पर वाहन मालिकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए सूचना भी भेजी जाती है। इसके बावजूद जानकारी के अभाव में कई ई-चालान लंबित रह जाते हैं। इसी समस्या को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने QR कोड आधारित सुविधा शुरू की है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में इस सुविधा को अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। इसके तहत शहर के शासकीय कार्यालयों, पेट्रोल पंपों, ऑटो डीलर्स, बैंकों एवं यातायात थाना भवनों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर QR कोड चस्पा किए जा रहे हैं।
इस व्यवस्था के तहत वाहन मालिक QR कोड स्कैन कर अपने वाहन पर जारी ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से भुगतान कर सकेंगे। इससे लोगों को चालान की जानकारी लेने के लिए बार-बार यातायात कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही लंबित चालानों के समयबद्ध निराकरण में भी मदद मिलेगी।
समय पर करें ई-चालान का भुगतान : डीसीपी ट्रैफिक
पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक अपने वाहन पर जारी ई-चालान की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करें और समय पर उसका भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों से QR कोड सुविधा का लाभ उठाने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
ई-चालान की जानकारी एवं ऑनलाइन भुगतान के लिए आधिकारिक वेबसाइट:
यातायात हेल्पलाइन : 9479210632
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से सुरक्षित यातायात के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने और नियमों का पालन करने की अपील की है।
प्रधान संपादक