बलौदा पुलिस की छापेमारी, 176 किलो पटाखों के साथ 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
CBN36 जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर। जिले में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बलौदा पुलिस ने ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में छापेमारी कर पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से करीब 176 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। मामले में नैला निवासी 52 वर्षीय दीपक कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में रखे विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को विधिवत जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज
कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार अग्रवाल के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़े मामले की जांच कर रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
प्रधान संपादक