Explore

Search

October 12, 2026 10:59 pm

उच्च न्यायालय के आदेश पर सहायक शिक्षक भर्ती-2026: दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर, विज्ञापन में संशोधन

उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया शुद्धि पत्र, दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के अभ्यर्थी भी कर सकेंगे आवेदन

ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पदों पर भर्ती, आवेदन की नई तिथि अलग से होगी घोषित

CBN36 रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 को लेकर दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण राहत की खबर है। उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। इसके तहत अब दृष्टिबाधित (ब्लाइंड), श्रवणबाधित (डेफ) और सेरेब्रल पाल्सी (सीपी) श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी सहायक शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी शुद्धि पत्र के अनुसार, छत्तीसगढ़ की शासकीय शालाओं में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए 24 जुलाई 2026 को विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया गया था। इस विज्ञापन के संबंध में उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ में दायर याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026 (मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में यह संशोधन किया गया है।

दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता में बदलाव

संशोधित प्रावधानों के तहत समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की अधिसूचना के अनुरूप सहायक शिक्षक पद के लिए उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणियों में दृष्टिबाधित (B), श्रवणबाधित (D) और सेरेब्रल पाल्सी (CP) को शामिल किया गया है। इसके साथ ही भर्ती विज्ञापन की कंडिका-05 के उपखंड (iv) को विलोपित कर दिया गया है।

शुद्धि पत्र में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार और श्रेणीवार वितरण भी स्पष्ट किया गया है। यह वितरण सामान्य प्रशासन विभाग के 5 मार्च 2019 के निर्देशों के अनुरूप किया गया है। इसमें दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित और बहुदिव्यांगता श्रेणियों के लिए आरक्षित पदों का विवरण शामिल है।

कुल 2292 पदों पर होनी है भर्ती

सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के तहत कुल 2292 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं।

ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं। वहीं, टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं।

आवेदन की नई तारीख का इंतजार

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों को नई तिथि और आवेदन से संबंधित दिशा-निर्देशों के लिए मंडल की आधिकारिक सूचना पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि 24 जुलाई 2026 को जारी भर्ती के विस्तृत विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें और प्रावधान पूर्ववत लागू रहेंगे। इस संशोधन से संबंधित दिव्यांग श्रेणियों के अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS