Explore

Search

October 14, 2026 4:10 pm

एसएसपी भोजराम पटेल की पहल से 7 हजार श्रद्धालुओं तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश

“गरबा महोत्सव से जगराता तक चला ‘पहल’ अभियान, एसएसपी ने खुद संभाली जागरूकता की कमान; ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचने किया सतर्क”

CBN36 मुंगेली, 14 अक्टूबर। नवरात्रि के उल्लास के बीच मुंगेली पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ जनजागरूकता की मुहिम चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में संचालित ‘पहल’ अभियान के तहत गरबा महोत्सव से लेकर जगराता तक आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव का संदेश दिया गया। एसएसपी स्वयं सेंट जेवियर स्कूल एवं रोट्रेक्ट क्लब मुंगेली के गरबा महोत्सव में शामिल हुए और प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं, दाऊपारा में आयोजित जगराता के दौरान डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से करीब 7,000 श्रद्धालुओं तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

एसएसपी ने प्रतिभागियों को बनाया जागरूकता का संदेशवाहक

गरबा एवं डांडिया महोत्सव में एसएसपी भोजराम पटेल ने ‘पहल’ अभियान के तहत प्रतिभागियों और दर्शकों को ऑनलाइन ठगी के बढ़ते तरीकों से अवगत कराया। प्रतिभागियों को जागरूकता बैज लगाकर स्वयं सतर्क रहने और अपने परिवार व समाज के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

डिजिटल स्क्रीन पर साइबर ठगी से बचाव का संदेश

दाऊपारा स्थित रेस्ट हाउस के पास आयोजित जगराता में साइबर जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया गया। डिजिटल स्क्रीन पर वीडियो और संदेश प्रदर्शित कर श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी आकर्षक ऑफर्स के जाल से बचने की जानकारी दी गई। धार्मिक आयोजन के माध्यम से हजारों लोगों तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाना अभियान की प्रमुख विशेषता रही।

अनजान लिंक से रहें सावधान, ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल

प्र. उप निरीक्षक सीमा, सउनि मधुकर रात्रे एवं बबीता श्रीवास ने लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपाय बताए। पुलिस ने अपील की कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें और ओटीपी, सीवीवी, पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। फर्जी लॉटरी, वर्क-फ्रॉम-होम के लालच और सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध कॉल व संदेशों से भी सतर्क रहें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने या पैसे ऐंठने के प्रयासों से सावधान रहें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

मुंगेली पुलिस द्वारा ‘पहल’ अभियान के तहत नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उद्देश्य स्पष्ट है-हर नागरिक साइबर अपराध के प्रति जागरूक बने, ठगी से बचे और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में सहभागी बने।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS