Explore

Search

August 22, 2026 6:18 pm

लैलूंगा में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, महिला समेत दो गिरफ्तार

4.108 किलो गांजा और बोलेरो समेत 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, ओडिशा से लखनऊ ले जा रहे थे मादक पदार्थ,एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा-नशे के कारोबारियों को नहीं बख्शेंगे”

CBN36 रायगढ़,लैलूंगा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस ने लगातार दूसरे दिन गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4.108 किलो गांजा बरामद किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक गांजा और वाहन समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

एएसपी अनिल सोनी ने बताया कि थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो में ओडिशा से गांजा लेकर तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। भागने के दौरान वह मोटरसाइकिल से गिर गया और घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी लैलूंगा भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो की तलाश जारी रखी।

पुलिस को देखकर बोलेरो भगाने की कोशिश

कुछ देर बाद पाकरगांव की ओर से लैलूंगा आ रही सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक 26 BH 4095 B दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा (32) निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया। वाहन में सवार महिला की पहचान ज्योति जाटव (23) निवासी लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में दोनों ने ओडिशा से गांजा लेकर लखनऊ जाने की बात स्वीकार की।

महिला के बैग से मिले चार पैकेट

पुलिस ने नियमानुसार दोनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ज्योति जाटव के काले रंग के पिट्ठू बैग से चार पैकेट में कुल 4.108 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।वहीं, तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। वाहन की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, दोनों जेल भेजे गए

लैलूंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन आघात के तहत लगातार हो रही कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में जुड़े लोगों में हड़कंप है। जिले में संदिग्ध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।

10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

  • गांजा: 4.108 किलो — कीमत करीब 2 लाख रुपये
  • बोलेरो वाहन: कीमत करीब 8 लाख रुपये
  • कुल जब्ती: करीब 10 लाख रुपये

गिरफ्तार आरोपी

जशवंत कुमार शर्मा, पिता श्रीराम कुमार शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी केशव नगर, थाना मडियाव, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश।

ज्योति जाटव, पिता शोवरन जाटव, उम्र 23 वर्ष, निवासी आलमनगर, थाना तालकटोरा, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश।

कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई प्रेम साय भगत, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, देव प्रसाद राठिया, आरक्षक शशिभूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमर साय भगत और महिला आरक्षक लीलावती एक्का शामिल रहे।

एसएसपी ने कहा-नशे के कारोबारियों को नहीं बख्शेंगे

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे की तस्करी में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से नशे के अवैध कारोबार या तस्करी से जुड़ी जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS