Explore

Search

April 16, 2026 9:33 am

हाईटेक आईटीएमएस की आईजी-एसएसपी ने की गहन समीक्षा, ट्रैफिक उल्लंघन पर सख्ती के निर्देश

छत्तीसगढ़।बिलासपुर रेंज के आईजी आईपीएस रामगोपाल गर्ग एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह ने बुधवार को शहर के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पहुंचकर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम आईटीएमएस साइबर सेल, पुलिस कंट्रोल रूम एवं डायल 112 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात प्रबंधन में उपयोग की जा रही उन्नत तकनीकों का बारीकी से अवलोकन किया तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को सदैव सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आईटीएमएस के तहत संचालित तकनीकी प्रणालियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि शहर में स्थापित 550 से अधिक सीसीटीवी कैमरों एवं एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) तकनीक के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर स्वचालित चालानी कार्रवाई की जा रही है। पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए टीम ने बताया कि किस प्रकार वाहन नंबर कैप्चर होने से लेकर अंतिम चालान जारी होने तक की कार्यवाही की जाती है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में स्थापित मॉनिटर के माध्यम से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव ट्रैफिक कंजेशन की रियल टाइम स्थिति का जायजा लिया। पिक आवर में यातायात प्रबंधन के लिए डिजिटल एवं सैटेलाइट आधारित निगरानी प्रणाली की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।

आईजी रामगोपाल गर्ग व एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं भी उन्नत डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए वाहन नंबर प्लेट को जूम कर पढ़ा तथा चालानी प्रक्रिया को परखा। उन्होंने आईटीएमएस प्रणाली में और अधिक उन्नत फीचर्स जोड़ने के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए।

इसके अलावा शहर में स्थापित 23 पीए सिस्टम एवं 10 एलईडी मॉनिटर के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान देखा गया कि संदेश प्रसारित होते ही वाहन चालकों द्वारा त्वरित सुधारात्मक प्रतिक्रिया दी गई।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने चोरी हुए वाहनों की खोज में आईटीएमएस की भूमिका की सराहना करते हुए टीम को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही, पुलिस द्वारा विकसित एप एवं अन्य डिजिटल संसाधनों के अधिकतम उपयोग के माध्यम से अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के क्रम में साइबर सेल, डायल 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नागरिकों की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे सीएसपी कोतवाली आईपीएस गगन कुमार सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, टीआई साइबर सेल गोपाल सतपति सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS