Explore

Search

October 12, 2026 11:19 pm

नॉर्थ जोन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 से अधिक लोगों पर शिकंजा

चाकू-पिस्टल बरामद, आबकारी, NDPS और जुआ के मामलों में भी कार्रवाई; 26 वारंट तामील

CBN36 रायपुर, 12 अक्टूबर। राजधानी रायपुर में अपराधों पर अंकुश लगाने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नॉर्थ जोन पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन में 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर 150 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध हथियार बरामद करने के साथ ही आबकारी, मादक पदार्थ, जुआ और प्रतिबंधात्मक मामलों में भी वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं, लंबित प्रकरणों में कुल 26 वारंट तामील किए गए।

नॉर्थ जोन के अंतर्गत थाना खमतराई, गुढ़ियारी, उरला, पंडरी और खम्हारडीह पुलिस ने अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया।

अवैध हथियार रखने वालों पर कार्रवाई, चाकू-पिस्टल बरामद

अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 5 प्रकरण दर्ज कर 5 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चाकू और पिस्टल बरामद किए गए। थाना गुढ़ियारी एवं उरला क्षेत्र में अवैध हथियारों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई की गई।

शराब, मादक पदार्थ और जुआ के मामलों में भी शिकंजा

पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत 15 प्रकरणों में 15 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की। वहीं, NDPS एक्ट के तहत एक प्रकरण में 3 आरोपियों तथा जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत एक प्रकरण में 2 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई से अपराधों पर नियंत्रण का प्रयास

संभावित विवादों और अपराधों की रोकथाम के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। धारा 170 के तहत 48 प्रकरणों में 49 व्यक्तियों तथा धारा 129 के तहत 2 प्रकरणों में 2 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई दर्ज की गई।

इसके अतिरिक्त, धारा 126/135(3) BNSS के तहत थाना गुढ़ियारी में 30 प्रकरणों में 31 व्यक्तियों, थाना खम्हारडीह में 18 प्रकरणों में 24 व्यक्तियों, थाना उरला में 20 प्रकरणों में 25 व्यक्तियों तथा थाना पंडरी में 12 प्रकरणों में 16 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

26 वारंट तामील, त्योहारी सीजन में बढ़ाई सतर्कता

लंबित प्रकरणों में वांछित व्यक्तियों की पतासाजी कर पुलिस ने कुल 26 वारंट तामील किए। आगामी त्योहारी आयोजनों को देखते हुए नॉर्थ जोन के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों और जुआ जैसी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की जांच और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

नॉर्थ जोन पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण, वारंट तामीली और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS