Explore

Search

August 22, 2026 7:52 pm

आईजी ने रायगढ़ पुलिसिंग की परखी हकीकत, बोले- पारदर्शिता और डिजिटल प्रगति पर दें जोर

दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर रायगढ़ पहुंचे बिलासपुर रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग, पुलिस कार्यालय की शाखावार समीक्षा ,एसएसपी शशि मोहन सिंह की पुलिसिंग और नियंत्रण व्यवस्था की भी सराहना की”

CBN36 रायगढ़। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने शनिवार को रायगढ़ जिला पुलिस का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस कार्यालय में उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कामकाज की बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों-कर्मचारियों को पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आईजी ने फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों के वेतन, देयक, अवकाश और कल्याणकारी सुविधाओं का समय पर निराकरण करने पर विशेष जोर दिया।

आईजी ने कहा कि जिला पुलिस कार्यालय पुलिसिंग का नियंत्रण केंद्र है। कार्यालय का कामकाज जितना बेहतर होगा, उसका सीधा असर फील्ड पुलिसिंग पर दिखाई देगा। उन्होंने आमजन की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के साथ ही पुलिसकर्मियों के वेलफेयर को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

हर शाखा के कामकाज की ली जानकारी

पुलिस कार्यालय में हुई बैठक के दौरान आईजी गर्ग ने एक-एक शाखा के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ऑडिट की स्थिति, चिटफंड प्रकरणों में हुई प्रगति, ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित अपडेट रखने और कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की जानकारी ली। शासकीय वाहनों और अन्य सरकारी संपत्तियों के रखरखाव पर भी उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

नए कानूनों में डिजिटल पुलिसिंग को बताया अहम

आईजी ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में सीसीटीएनएस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ई-साक्ष्य, ई-समन, ई-फॉरेंसिक समेत कई डिजिटल प्रक्रियाएं सीसीटीएनएस के माध्यम से संचालित हो रही हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों को तकनीकी व्यवस्थाओं का बेहतर प्रशिक्षण दिया जाना जरूरी है।उन्होंने कर्मचारियों को सीसीटीएनएस का अधिकतम और प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

राजपत्रित अधिकारियों से जानी अनुविभागवार कानून-व्यवस्था

पुलिस कार्यालय की समीक्षा के बाद आईजी ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अनुविभागवार कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी ली। अधिकारियों को क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग, अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

देर शाम चक्रधरनगर थाने पहुंचे, पुलिसकर्मियों से किया सीधा संवाद

आईजी गर्ग ने देर शाम थाना चक्रधरनगर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनके काम और जिम्मेदारियों की जानकारी ली। इस दौरान विवेचक कक्ष, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष समेत थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

थाने में शिकायतकर्ताओं और पुलिस स्टाफ के लिए की गई बैठक व्यवस्था, हेल्प डेस्क और साफ-सफाई की आईजी ने सराहना की। सीसीटीएनएस कक्ष में ऑनलाइन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने के दौरान उन्होंने ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की व्यवस्था की विशेष प्रशंसा की।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में सीसीटीएनएस के माध्यम से ऑनलाइन रोजनामचा दर्ज किया जा रहा है और लंबे समय से मैनुअल रोजनामचा लेखन बंद है।

बोले- पुलिस पर जनता का भरोसा और मजबूत करना लक्ष्य

आईजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि तकनीक का उपयोग केवल व्यवस्था सुधारने तक सीमित न रहे, बल्कि इसका लाभ सीधे आमजन को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, डिजिटल प्रगति और टीम भावना के साथ काम करते हुए प्रत्येक मामले का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।बेहतर पुलिसिंग के लिए थाना चक्रधरनगर के अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं

रायगढ़ रेंज का दूसरा सबसे बड़ा जिला, चुनौतियां भी अलग

पत्रकारों से चर्चा में आईजी राम गोपाल गर्ग ने बताया कि वे रायगढ़ के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर रेंज में बिलासपुर के बाद रायगढ़ दूसरा सबसे बड़ा जिला है और यहां की पुलिसिंग की चुनौतियां भी अलग हैं।उन्होंने पुलिसिंग में पारदर्शिता, डिजिटल प्रगति और टीम भावना के साथ काम करने पर जोर देते हुए हर मामले का शत-प्रतिशत समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।आईजी ने रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह की पुलिसिंग और नियंत्रण व्यवस्था की भी सराहना की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS