Explore

Search

March 22, 2026 12:46 pm

यातायात नियमों के उल्लंघन पर जशपुर पुलिस सख्त, 10 मामलों में कार्रवाई

छत्तीसगढ़ जशपुर।जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर के नवपदस्थ पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस कप्तान आईपीएस डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाना तेज रफ्तार से वाहन चलाना, मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आमजन के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने इन मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं।

निर्देशों के अनुसार नशे में वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ओवर स्पीड वाहनों को तत्काल रोका जाएगा तथा मोडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।

इसी क्रम में 26 जनवरी की शाम सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाते हुए यातायात नियमों के उल्लंघन के 10 मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इनमें मोडिफाइड साइलेंसर, तेज गति से वाहन चलाना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, नशे में वाहन चलाना तथा मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करने जैसे प्रकरण शामिल हैं। सभी मामलों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन न केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों का जीवन भी सुरक्षित रहता है। जशपुर पुलिस द्वारा आगे भी यातायात जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS