Explore

Search

February 5, 2026 2:35 am

एसईसीएल में सीआईएल अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ

4 से 7 फरवरी तक बहतराई स्टेडियम में खिताब के लिए आमने-सामने होंगी 8 टीमें एक दशक बाद एसईसीएल को मिली मेजबानी

बिलासपुर।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के तत्वावधान में कोल इंडिया लिमिटेड की अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ स्व. बी.आर. यादव अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान, बहतराई में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में खेल भावना, अनुशासन और ऊर्जा का प्रभावशाली संगम देखने को मिला।

प्रतियोगिता 4 से 7 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें कोल इंडिया लिमिटेड की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों की कुल आठ टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि लगभग एक दशक के अंतराल के बाद एसईसीएल को इस टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है।उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक वित्त डी. सुनील कुमार तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त हॉकी बिलासपुर के अध्यक्ष रोहताश्व बाजपेयी श्रमिक संघ प्रतिनिधियों में एसईसीएल कल्याण मंडल के सदस्य बजरंगी शाही राजेश शर्मा एवं पी. चंद्रकांत की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में एसईसीएल मुख्यालय कल्याण मंडल समिति, जेसीसी सदस्य, क्षेत्रीय कल्याण समितियों, विभिन्न परिषदों एवं संघों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान सभी प्रतिभागी टीमों ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों को सलामी दी। इसके पश्चात निदेशक मंडल एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी द्वारा गोल पोस्ट पर प्रतीकात्मक गोल कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर अपने संबोधन में निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास ने कहा कि खेल संगठन में एकता, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएँ कोल इंडिया परिवार की खेल भावना, आपसी सहयोग और टीमवर्क को सुदृढ़ करती हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का पारंपरिक भंगड़ा नृत्य से स्वागत किया गया। वहीं एसईसीएल कर्मियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत तथा छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह को उत्सवमय बना दिया।

प्रतियोगिता में कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियाँ एसईसीएल ईसीएल एनसीएल बीसीसीएल सीसीएल डब्ल्यूसीएल एमसीएल तथा तेलंगाना की सरकारी कोयला कंपनी एससीसीएल भाग ले रही हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में एसईसीएल ने ईसीएल को 8-0 से पराजित किया। एनसीएल ने बीसीसीएल को 4-1 से हराया। सीसीएल ने एससीसीएल को 3-1 से मात दी, जबकि एमसीएल ने डब्ल्यूसीएल को 1-0 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में एसईसीएल ने बीसीसीएल को 6-0 से तथा अंतिम मैच में एनसीएल ने ईसीएल को 4-0 से पराजित किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS