Explore

Search

February 4, 2026 4:05 pm

देवरीकला में दिनदहाड़े सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, 48 हजार नकद व दस्तावेज ले उड़े चोर

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के देवरीकला गांव में दिनदहाड़े सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर नकदी व दस्तावेजों की चोरी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


देवरीकला निवासी भागवत कौशिक (57) खेती-किसानी का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 3 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे वे अपनी पत्नी चंद्रिका बाई कौशिक के साथ बहतराई में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने अपने मकान के मेन गेट पर ताला लगाया था। साथ ही कमरे का दरवाजा भी बंद कर दिया था। घर के भीतर रखी पेटी में भी ताला लगाकर उसकी चाबी वहीं सुरक्षित स्थान पर रखी थी। दोपहर करीब 1.30 बजे भागवत कौशिक के छोटे भाई ईश्वर प्रसाद ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके मकान के मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वे तत्काल कार्यक्रम स्थल से लौटकर अपने घर पहुंचे। घर पहुंचने पर देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और कमरे के दरवाजे का ताला भी जबरन तोड़ा गया था। कमरे के अंदर प्रवेश करने पर सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। आलमारी में रखे जरूरी दस्तावेज भी अस्त-व्यस्त थे। जब उन्होंने पेटी की जांच की तो पाया कि पेटी का ताला खोल दिया गया है और उसमें रखे 48 हजार रुपये नकद गायब हैं। इसके अलावा घर के अंदर रखा एक सूटकेस भी चोर अपने साथ ले गए, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS